मधुमेह से बचाव के लिए जीवनशैली में बदलाव और मोटापे पर नियंत्रण जरूरी : जितेंद्र सिंह

नयी दिल्ली, 14 नवंबर (वार्ता) केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी तथा पृथ्वी विज्ञान राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. जितेंद्र सिंह ने मधुमेह की रोकथाम के लिए विशेष रूप से युवाओं के बीच जागरूकता बढ़ाने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने पर जोर दिया है।

डॉ. सिंह ने रोम स्थित भारतीय दूतावास में शनिवार को विश्व मधुमेह दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि आधुनिक चिकित्सा में टाइप-2 मधुमेह के उपचार के लिए कई नयी दवाएं उपलब्ध हैं, लेकिन जीवनशैली में सुधार और मोटापे पर नियंत्रण का महत्व आज भी बरकरार है। उन्होंने कहा कि खानपान की अच्छी आदतें, नियमित शारीरिक गतिविधियां और मोटापे पर नियंत्रण मधुमेह से बचाव के सबसे प्रभावी बुनियादी उपाय हैं।

इस वर्ष विश्व मधुमेह दिवस की थीम ‘अर्ली एक्शन ऑन डायबिटीज’ का उल्लेख करते हुए डॉ. सिंह ने कहा कि यह मधुमेह के प्रबंधन का मूल संदेश है। बीमारी की समय रहते पहचान, तत्काल चिकित्सकीय हस्तक्षेप और रक्त में शर्करा के स्तर पर नियमित नियंत्रण से इसके बढ़ते प्रभाव को कम किया जा सकता है। उन्होंने चिंता जतायी कि मधुमेह अब केवल अधिक उम्र के लोगों तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि बड़ी संख्या में युवा भी इसकी चपेट में आ रहे हैं। कम उम्र में मधुमेह होने से व्यक्ति की कार्यक्षमता और जीवन की गुणवत्ता प्रभावित हो सकती है। इसके अलावा लंबे समय तक रक्त शर्करा नियंत्रित नहीं रहने पर किडनी, आंखों और हृदय जैसे महत्वपूर्ण अंगों पर भी प्रतिकूल असर पड़ सकता है।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि मोटापा, मधुमेह, शरीर में वसा की असामान्य मात्रा, उच्च रक्तचाप और हृदय रोग आपस में जुड़े हुए हैं। भारतीयों में पेट के आसपास चर्बी जमा होने यानी सेंट्रल ओबेसिटी की समस्या विशेष रूप से चिंता का विषय है, जो कई चयापचय संबंधी बीमारियों का जोखिम बढ़ाती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी समय-समय पर मोटापे पर नियंत्रण और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की आवश्यकता पर जोर दिया है। उन्होंने वर्ष 2014 के बाद सरकार की ओर से निवारक स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ावा देने के लिए उठाये गए कदमों का उल्लेख करते हुए आयुष मंत्रालय की स्थापना, वेलनेस सेंटरों की शुरुआत, अंतरराष्ट्रीय योग दिवस और आयुष्मान भारत के तहत स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने मधुमेह की सामूहिक जांच और समय पर उपचार की उपलब्धता को भी जरूरी करार दिया।

उन्होंने कहा कि मधुमेह से निपटने के लिए केवल उपचार पर निर्भर रहने के बजाय रोकथाम, समय पर जांच और लगातार निगरानी पर ध्यान देना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि मधुमेह के प्रबंधन में भारत के पास व्यापक अनुभव और विशेषज्ञता है, जिसे अन्य देशों के साथ साझा किया जा सकता है।

 

Next Post

भारतीय अंडर-19 टीम ने नौंवीं बार जीता एशिया कप

Sat Nov 14 , 2026
अल अमीरात, 14 नवंबर (वार्ता) कप्तान लक्ष्य रायचंदानी (80), आर्यवीर सहवाग (58), मोहित उल्वा (नाबाद 49) और मनल चौहान (47) की शानदार पारियों की बदौलत भारत की अंडर-19 टीम ने पाकिस्तान को शनिवार को आखिरी गेंद पर एक विकेट से हराकर एशियन क्रिकेट काउंसिल अंडर-19 एशिया कप का खिताब नौंवीं […]

You May Like