इंदौर: मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा वैज्ञानिक अधिकारी परीक्षा-2026 का आयोजन आज रविवार को किया जाएगा. परीक्षा संभागीय मुख्यालय इंदौर के निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक आयोजित होगी. परीक्षा को सुव्यवस्थित एवं निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं.परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश के दौरान त्रिस्तरीय जांच प्रक्रिया से गुजरना होगा.
इसके तहत सीसीटीवी निगरानी, बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण और प्रवेश पत्र की स्कैनिंग सहित अन्य माध्यमों से परीक्षार्थियों का सत्यापन किया जाएगा. इस व्यवस्था का उद्देश्य परीक्षा की शुचिता बनाए रखना और किसी भी प्रकार की अनियमितता को रोकना है. निर्धारित नियमों के अनुसार सभी परीक्षार्थियों को परीक्षा शुरू होने के समय से पूर्व परीक्षा केंद्र पहुंचना अनिवार्य होगा, ताकि प्रवेश एवं जांच की प्रक्रिया समय पर पूरी की जा सके. परीक्षा केंद्रों के प्रवेश द्वार के समीप अनुमत एवं प्रतिबंधित वस्तुओं की जानकारी चस्पा की जाएगी. अभ्यर्थियों को इन निर्देशों का अनिवार्य रूप से पालन करना होगा. परीक्षा के सुचारु संचालन और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं.
