टोरंटो (कनाडा), 29 अक्टूबर (वार्ता) भारत की 17 साल की स्क्वैश खिलाड़ी अनाहत सिंह ने कनाडा महिला ओपन 2025 के क्वार्टर फाइनल में बेल्जियम की दुनिया की नंबर सात खिलाड़ी टिन गिलिस को हराकर अपने करियर की सबसे बड़ी जीत हासिल कर टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
मंगलवार काे ब्रुकफील्ड प्लेस में खेले गये क्वार्टरफाइनल में रैंकिंग में 43वें नंबर पर मौजूद अनाहत सिंह ने पीएसए स्पर्धा की डिफेंडिंग चैंपियन गिलिस को 36 मिनट तक चले मुकाबले में 3-0 (12-10, 11-9, 11-9) से हराकर सिल्वर-लेवल स्पर्धा के सेमीफाइनल में जगह बनाई।
इससे पहले रविवार को दूसरे राउंड में अनाहत सिंह ने टॉप 20 खिलाड़ियों में से एक खिलाड़ी के खिलाफ अपनी पहली जीत हासिल की थी। उन्होंने फ्रांस की दुनिया की नंबर 20 खिलाड़ी मेलिसा एल्व्स को 3-1 (10-12, 10-12, 11-8, 2-11) से हराया था।
मैच के बाद भारतीय स्क्वैश खिलाड़ी ने कहा, “मैं बहुत उत्साहित हूं और वह (टिन गिलिस) टॉप 10 खिलाड़ी हैं और यह पहली बार है (जब मैंने टॉप 10 खिलाड़ी को हराया है)।उन्होंने कहा मैं इस हफ्ते जिस तरह से खेल रही हूं, उससे मैं बहुत खुश हूं और मैं आज सुबह अपने कोच से बात कर रही थी और उन्होंने कहा कि अगर मैं वैसे ही खेलूं जैसे मैंने कल खेला था, तो मेरे पास किसी के भी खिलाफ जीतने का मौका है।”

