इंदौर: बायपास स्थित प्रेसिडेंट होटल के सामने शनिवार को हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से कारों से भरे कंटेनर में आग लग गई. आग इतनी तेजी से फैली कि कंटेनर में रखी तीन नई कारें पूरी तरह जलकर खाक हो गईं. सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पाया. प्रारंभिक तौर पर हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आने से निकली चिंगारी को आग लगने की वजह माना जा रहा है.
कंटेनर नम्बर एनएल 01 क्यू 1053 हरियाणा से टाटा मोटर्स की नई कारें लेकर इंदौर आ रहा था. शनिवार को वह बायपास स्थित प्रेसिडेंट होटल के सामने से गुजर रहा था, तभी हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गया, इसके बाद कंटेनर में आग लग गई. देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और उसमें रखी तीन कारें पूरी तरह जल गईं. कंटेनर में कुल 8 कारें लोड थीं. इनमें से कई कारों की डिलीवरी पहले ही हो चुकी थी. शेष बची तीन कारें आग की चपेट में आ गईं. कंटेनर ड्राइवर शत्रुघ्न कारों को इंदौर के श्याम नामक शोरूम में खाली करने जा रहा था. आग से जली तीनों नई कार टाटा मोटर्स की थीं, इनमें नेक्सॉन और टाटा शेरा मॉडल बताए गए हैं.
फायर कर्मियों ने 30 हजार लीटर पानी डालकर बुझाई आग
घटना की सूचना मिलते ही कनाड़िया पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची. दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद करीब 30 हजार लीटर पानी का इस्तेमाल कर आग पर काबू पाया. पुलिस हादसे की परिस्थितियों की जांच कर रही है. फायर ब्रिगेड के एसआई सुशील दुबे ने बताया कि प्रेसिडेंट होटल के सामने हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से आग लगी, कंटेनर में रखी तीन कारें पूरी तरह जल गई हैं. करीब 30 हजार लीटर पानी डालकर आग पर काबू पाया
