तेलंगाना में फ्रांस की एयरोस्पेस कंपनी कर सकती है 4,000 करोड़ रुपये का निवेश

हैदराबाद, 21 नवंबर (वार्ता) फ्रांस की एयरोस्पेस क्षेत्र की कंपनी ‘साफ्रां एयरक्राफ्ट इंजन्स’ तेलंगाना में 4,000 करोड़ रुपये के संभावित निवेश पर राज्य सरकार के साथ विचार कर रही है।

तेलंगाना सरकार के फ्रांस में आयोजित ‘निवेश रोडशो’ के हिस्से के रूप में उपमुख्यमंत्री मल्लू भट्टी विक्रमार्का ने पेरिस के पास स्थित साफ्रां एयरक्राफ्ट इंजन्स के ‘एवरी-कॉर्बेइल’ संयंत्र का दौरा किया। इस दौरान, उन्होंने कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ चर्चा की।

राज्य के आईटी एवं उद्योग विभाग ने शनिवार को एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि यह प्रस्तावित निवेश अभी शुरुआती चरण में है। उम्मीद है कि दिसंबर 2026 में होने वाले ‘इन्वेस्ट तेलंगाना समिट’ में एक समझौता ज्ञापन के जरिए इसे औपचारिक रूप दिया जाएगा। इस समिट में साफ्रां का एक प्रतिनिधिमंडल भी शामिल हो सकता है।

तेलंगाना के उद्योग आयुक्त निखिल चक्रवर्ती के साथ उपमुख्यमंत्री ने कंपनी के संयंत्र में उत्पादन प्रक्रियाओं का जायजा लिया। इसमें विमान के इंजन के पुर्जों और हाई-प्रिसिजन गतिशील पुर्जों की मशीनिंग और असेंबली भी उन्होंने देखी।

इस चर्चा में मुख्य रूप से हैदराबाद में साफ्रां के मौजूदा कामकाज को आधार बनाते हुए तेलंगाना में कंपनी की विनिर्माण गतिविधियों के विस्तार पर फोकस था।
कंपनी पहले से ही हैदराबाद में लीप इंजनों के पुर्जे बनाने का प्लांट, ‘साफ्रां इलेक्ट्रिकल एंड पावर’ फैसिलिटी, और ‘साफ्रां एयरक्राफ्ट इंजन सर्विसेज इंडिया’ के रखरखाव, मरम्मत और ओवरहॉल (एमआरओ) संयंत्र का संचालन कर रही है।

दौरे के बाद भट्टी विक्रमार्का ने कहा कि हैदराबाद में साफ्रां की मौजूदगी यह दर्शाती है कि तेलंगाना वैश्विक एयरोस्पेस निर्माताओं के लिए एक बेहतरीन जगह है। यहां कुशल कार्यबल, मजबूत बुनियादी ढांचा और सरकार की ओर से पूरा सहयोग मिलता है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस चर्चा से राज्य में कंपनी के कामकाज का और विस्तार होगा।

.....

Next Post

युवाओं की सोच देखकर 2047 के भारत पर भरोसा : सिंधिया

Sat Nov 21 , 2026
ग्वालियर। आज शनिवार को यंग थिंकर्स फोरम के आठवें संस्करण में 26 राज्यों के 300 चुनिंदा युवा ‘भारतवर्ष का पुनर्जागरण’ विषय पर विचार-मंथन करने जुटे। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के देसी अंदाज में युवाओं से रूबरू होते हुए मोबाइल की लत पर चुटकी ली, तो पूरा हॉल […]

You May Like

मनोरंजन