
ग्वालियर। आज शनिवार को यंग थिंकर्स फोरम के आठवें संस्करण में 26 राज्यों के 300 चुनिंदा युवा ‘भारतवर्ष का पुनर्जागरण’ विषय पर विचार-मंथन करने जुटे। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के देसी अंदाज में युवाओं से रूबरू होते हुए मोबाइल की लत पर चुटकी ली, तो पूरा हॉल ठहाकों से गूंज उठा।
मोबाइल को बताया ‘डब्बा’, बोले- दो घंटे इससे दूर रहें
सिंधिया ने मोबाइल को ‘डब्बा’ करार देते हुए युवाओं को नसीहत दी कि दिन में कम से कम दो घंटे इस ‘डब्बे’ से दूर रहें। खुद को मजाकिया लहजे में ‘डब्बा मंत्री’ बताते हुए उन्होंने कहा कि इस यंत्र का इस्तेमाल सिर्फ टाइमपास के लिए नहीं, बल्कि शोध, अपनी क्षमता बढ़ाने और दुनिया के नवाचारों से जुड़ने के लिए होना चाहिए।
कॉन्क्लेव के बाद प्रेस से चर्चा में सिंधिया युवाओं की ऊर्जा के कायल नजर आए। उन्होंने कहा कि आज के युवाओं में सवाल पूछने का माद्दा और गंभीर सोच देखकर यह भरोसा पक्का हो गया है कि 2047 के विकसित भारत की कमान सुरक्षित हाथों में है।
11 सत्रों में 16 दिग्गज वक्ता रख रहे विचार
इस तीन दिवसीय वैचारिक समागम में कुल 11 सत्र हो रहे हैं। इनमें पद्मश्री डॉ. भरत गुप्त और अभिनेता-लेखक पीयूष मिश्रा समेत 16 दिग्गज वक्ता भारतीय सभ्यता, अध्यात्म, विज्ञान, वैश्विक राजनीति और ‘नैरेटिव वॉर’ जैसे मुद्दों पर युवाओं से संवाद कर रहे हैं। कॉन्क्लेव के डायरेक्टर आशुतोष सिंह ठाकुर के मुताबिक, आयोजन का मकसद नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ना और स्वतंत्र चिंतन का मंच देना है।
पुस्तक प्रदर्शनी और एआई की विशेष कार्यशालाएं
सत्रों के अलावा यहां पुस्तक प्रदर्शनी, लेखकों से सीधा संवाद और भारतीय विरासत की झलक भी देखने को मिल रही है। खास बात यह है कि एआई के इस दौर में कंटेंट निर्माण, मंदिर कला और डिजिटल नैरेटिव गढ़ने की बारीकियां सिखाने के लिए विशेष कार्यशालाएं भी आयोजित की जा रही हैं। आयोजन के जरिए युवाओं को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए तैयार करने का प्रयास किया जा रहा है।
