
सीहोर/ बुधनी। बुधनी निवासी 21 वर्षीय अंकिता ठाकुर की शनिवार सुबह भोपाल के अपोलो सेज अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई. अंकिता डेंगू पॉजिटिव थी. जिले में इस साल डेंगू संक्रमित मरीज की मौत का यह पहला मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया. सूचना मिलते ही विभाग ने बुधनी में सर्वेयरों की टीम भेजी, जो मृतिका के घर और आसपास के क्षेत्रों में मच्छरों के लार्वा की जांच कर रही है. चिंता की बात यह है कि अंकिता के परिवार के दो अन्य सदस्य, उसकी मां और छोटी बहन भी डेंगू पॉजिटिव पाए गए हैं। इधर, परिजनों ने बुधनी सिविल अस्पताल की उपचार व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया है कि समय पर सही उपचार मिलता तो शायद बेटी की जान बच सकती थी।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, सीहोर जिले में इस साल अब तक डेंगू के 23 और मलेरिया के 17 मरीज सामने आए हैं. हालांकि विभाग का दावा है कि अंकिता के डेंगू पीडि़त होने की जानकारी सेंट्रलाइज्ड सिस्टम और आईएचआईपी पोर्टल पर अपडेट नहीं है. विभाग को उसकी एक जांच रिपोर्ट मिली है, जिसमें एनएस-1 पॉजिटिव और आईजीएम निगेटिव दर्ज है. विभागीय स्तर पर रिपोर्ट के आधार पर डेंगू संक्रमण की स्थिति को लेकर जानकारी स्पष्ट की जा रही है. जिला मलेरिया अधिकारी क्षमा बर्वे ने बताया कि फिलहाल उनके पास डेंगू से हुई मौत की कोई आधिकारिक जानकारी प्राप्त नहीं हुई है. अपोलो सेज अस्पताल से मृतिका की मेडिकल रिपोर्ट मांगी गई है, ताकि बीमारी और उपचार से संबंधित तथ्यों की पुष्टि की जा सके. उन्होंने बताया कि मृतिका के घर के आसपास दवा का छिड़काव कराया गया है. साथ ही पड़ोसियों की भी जांच कराई जा रही है, जिससे क्षेत्र में डेंगू संक्रमण की स्थिति का पता लगाया जा सके.
रुंधे कंठ से परिजनों ने बताया कि उनकी बिटिया अंकिता यूपीएससी की तैयारी कर रही थी और बुधनी के गुरुकुल स्कूल में अध्यापिका के रूप में कार्यरत थी. उसकी असमय मौत से परिवार सहित नगर में शोक का माहौल है. एक ही परिवार के तीन सदस्यों के डेंगू संक्रमित होने और युवती की मौत के बाद क्षेत्र में मच्छरों के लार्वा सर्वे, फॉगिंग और साफ-सफाई की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े हो रहे हैं. वहीं, परिजनों द्वारा सिविल अस्पताल की उपचार व्यवस्था पर लगाए गए आरोपों ने स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली को भी सवालों के घेरे में ला दिया है. अब स्वास्थ्य विभाग के सामने संक्रमण के संभावित स्रोत का पता लगाने के साथ ही क्षेत्र में प्रभावी रोकथाम के इंतजाम करने की चुनौती है. साथ ही परिजनों के आरोपों की जांच कर उपचार व्यवस्था की जवाबदेही भी तय करना जरूरी है.
कसक, समय पर उपचार मिलता तो बच जाती जान
परिजनों के अनुसार, अंकिता को 15 तारीख को बुखार आने पर बुधनी सिविल अस्पताल ले जाया गया था. यहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद ब्लड सैंपल लिए और रिपोर्ट अगले दिन देने की बात कही. 16 तारीख को रिपोर्ट आने के बाद उसे अस्पताल में भर्ती कर बोतल चढ़ाई गई और दो इंजेक्शन लगाए गए. इसी दौरान अंकिता को तेज ठंड लगने लगी. मां रागिनी ठाकुर ने डॉक्टरों को इसकी जानकारी दी. परिजनों का आरोप है कि इसके बाद बोतल हटाई गई और इंजेक्शन लगाए गए. कुछ देर बाद अंकिता को उल्टियां होने लगीं और वह बेहोश हो गई. इसके बाद उसकी हालत लगातार बिगड़ती चली गई. स्थिति गंभीर होने पर अंकिता को नर्मदापुरम रेफर किया गया, जहां परिजन उसे पांडे नर्सिंग होम लेकर पहुंचे. परिजनों के मुताबिक जांच में प्लेटलेट्स कम पाए गए. एचडीपी एवं आरडीपी की व्यवस्था उपलब्ध नहीं होने के कारण उसे भोपाल ले जाने की सलाह दी गई. इसके बाद अंकिता को अपोलो सेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां पांच दिनों तक उपचार चला. उसे एमआईसीयू वार्ड में वेंटिलेटर पर रखा गया था. तमाम प्रयासों के बावजूद शनिवार सुबह करीब 4 बजे अंकिता ने अपने जीवन की अंतिम सांस ली.
अमले को भेजकर करा रहे हैं सर्वे
हमें भी सूचना मिली है कि बुदनी की डेंगू पीडि़त युवती की भोपाल में उपचार के दौरान मौत हुई है. लेकिन सेंट्रल साइड और आईएचआईपी पोर्टल पर युवती के पीडि़त होने संबंधी कोई रिकार्ड अपडेट नहीं है. हालांकि युवती की एक जांच रिपोर्ट हमें मिली है, जिसमें वह एनएस-1 पॉजिटिव और आईजीएम निगेटिव है. जो डेंगू के प्रारंभिक लक्षण हैं. सूचना के बाद अमले को भेजकर क्षेत्र में लार्वा सर्वे करवाया जा रहा है.
क्षमा बर्वे, जिला मलेरिया अधिकारी
