कोपेनहेगन, 21 नवंबर (वार्ता) डेनमार्क ने रूसी खुफिया सेवाओं पर एक यूक्रेनी-अमेरिकी रैपर की हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाते हुए रूस के रक्षा विभाग के अधिकारी को सात दिनों के भीतर देश छोड़ने का आदेश दिया है। इस घटनाक्रम से डेनमार्क-रूस के बीच तनाव बढ़ गया है।
डेनमार्क के विदेश मंत्री लार्स लोके रासमुसेन ने कहा कि रूसी राजदूत को विदेश मंत्रालय में तलब कर इस फैसले की औपचारिक जानकारी दे दी गई है। उन्होंने बताया कि कोपेनहेगन रूसी नागरिकों के लिए शेंगेन वीजा निलंबित करने पर भी विचार कर रहा है।
निष्कासन का यह आदेश डेनमार्क की खुफिया एजेंसी पीईटी के उस खुलासे के कुछ घंटों बाद आया है, जिसमें उसने संदेह जताया था कि रूसी खुफिया एजेंसी ने 25 सितंबर को कोपेनहेगन के एक उपनगर में आयोजित संगीत कॉन्सर्ट के दौरान रैपर की हत्या की साजिश रची थी। डेनिश प्रसारक ‘डीआर’ ने रैपर की पहचान ‘कीवस्टोनर’ के रूप में की है। रैपर के पास यूक्रेन-अमेरिका की नागरिकता है।
पीईटी ने बताया कि इस अभियान में डेनमार्क का एक आपराधिक गिरोह शामिल था और अधिकारियों द्वारा कॉन्सर्ट स्थल के पास एक कार में सवार तीन लोगों को रोके जाने के बाद इसे विफल कर दिया गया। पुलिस को वाहन से बंदूकें और चाकू बरामद हुए।
अदालती दस्तावेजों के अनुसार, डेनमार्क के दो नागरिक शुक्रवार को कोपेनहेगन के पास एक अदालत में पेश हुए, जिन पर हत्या के प्रयास और एक विदेशी खुफिया सेवा की सहायता करने का आरोप लगाया गया है। पुलिस और खुफिया अधिकारियों को संदेह है कि हमले की योजना बनाने में प्रतिबंधित आपराधिक नेटवर्क ‘लॉयल टू फैमिलिया’ शामिल था।
पीईटी के प्रमुख रासमुस कीफर-क्रिस्टेंसन ने पत्रकारों से कहा, “यह कुछ ऐसा है, जो हमने पहले डेनमार्क में नहीं देखा है, और इससे मुझे एक अधिक आक्रामक और जोखिम उठाने वाले रूस का आभास होता है।”
