किराए की दुकान के पीछे बने कमरे में मिला कारोबारी का शव

छिंदवाड़ा। इमलीखेड़ा क्षेत्र में भैरों ढाबा के पास शनिवार को एक किराए की दुकान के पीछे बने कमरे में 38 वर्षीय कारोबारी का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। युवक दुकान के पिछले हिस्से में बने कमरे में अकेले रहता था। परिजनों के लगातार फोन करने के बावजूद जब उसका मोबाइल रिसीव नहीं हुआ तो उन्होंने उसके एक परिचित दोस्त से संपर्क किया। इसके बाद घटना का पता चला। मृतक की पहचान श्रीकांत पासेबंद 38 वर्ष के रूप में हुई है। वह मूल रूप से कटनी का रहने वाला था और इमलीखेड़ा में नंदकिशोर पवार की लंबी टीन शेड वाली दुकान किराए पर लेकर बीज भंडार, कीटनाशक और हार्डवेयर का कारोबार करता था। दुकान के पिछले हिस्से में उसने रहने के लिए एक छोटा कमरा और किचन बना रखा था। स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार श्रीकांत करीब 16-17 नवंबर को कटनी गया था। वहां से 18-19 नवंबर की सुबह इमलीखेड़ा लौटा था। पड़ोस में रहने वाली एक महिला के मुताबिक, 19 नवंबर को सुबह करीब 4:30 बजे वह उससे चाबी लेकर दुकान का शटर खोलकर अंदर गया था। इसके बाद वह बाहर दिखाई नहीं दिया। अगले दिन तक श्रीकांत से संपर्क नहीं होने पर परिजनों को चिंता हुई। उन्होंने उसके पुराने दोस्त को फोन कर जानकारी जुटाने को कहा। इसके बाद दोस्त और आसपास के परिचित दुकान पहुंचे। दुकान का शटर अंदर से लॉक था।

एंगल की मदद से तोड़ा शटर का लॉक ००००००००

काफी प्रयास के बाद एंगल की मदद से शटर का लॉक तोड़ा गया। अंदर जाकर देखा तो पीछे बने कमरे में श्रीकांत का शव फंदे पर लटका हुआ था। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। श्रीकांत के पिता रेलवे से सेवानिवृत्त बताए जा रहे हैं। सूचना मिलने पर पिता और अन्य परिजन कटनी से मौके पर पहुंचे। फिलहाल परिजनों ने घटना को लेकर कोई विस्तृत बयान नहीं दिया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। युवक की मौत के कारणों का खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा।

Next Post

पुरानी रंजिश में युवक पर कुल्हाड़ी-पत्थरों से हमला

Sat Nov 21 , 2026
छिंदवाड़ा। जिले के छाबड़ी गांव में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर कुल्हाड़ी और पत्थरों से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। हमले में 24 वर्षीय अरविंद चंद्रवंशी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए नागपुर रेफर किया गया है। पुलिस ने घायल के […]

You May Like

मनोरंजन