
छिंदवाड़ा। जिले के छाबड़ी गांव में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर कुल्हाड़ी और पत्थरों से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। हमले में 24 वर्षीय अरविंद चंद्रवंशी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए नागपुर रेफर किया गया है। पुलिस ने घायल के भाई की शिकायत पर गांव के ही चार लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, घायल अरविंद पिता परसराम चंद्रवंशी निवासी छाबड़ी पर गांव के मुकेश चंद्रवंशी, गणपत चंद्रवंशी, जयकरण चंद्रवंशी और पवन उर्फ धनपाल चंद्रवंशी ने हमला किया। आरोपितों ने अरविंद पर कुल्हाड़ी से वार करने के साथ पत्थरों से भी हमला किया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद घायल के भाई आकाश चंद्रवंशी और पिता परसराम ने पुलिस चौकी पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। देर रात एफआइआर दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपितों की तलाश शुरू कर दी। पुलिस ने चारों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109(1) सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है।
पहले थी गहरी दोस्ती, फिर बढ़ी रंजिश ००००
बताया जा रहा है कि मुकेश और अरविंद के बीच पहले अच्छी दोस्ती थी। किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया था। इसके बाद से उनके संबंध बिगड़ गए और दोनों के बीच रंजिश चलने लगी। हालांकि, विवाद की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के बाद ही हमले के पीछे की असली वजह सामने आ सकेगी। धरम टेकड़ी चौकी प्रभारी दिनेश बघेल के अनुसार, मामले में जांच जारी है और फरार आरोपितों की तलाश की जा रही है।
