
ओंकारेश्वर। पवित्र नगरी ओंकारेश्वर में शनिवार शाम को मां नर्मदा के पावन तट ब्रह्मपुरी घाट पर भव्य दीपोत्सव मनाया गया। श्री ओंकारेश्वर मंदिर ट्रस्ट की ओर से आयोजित इस आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक उत्सव में 16 हजार दीप प्रज्वलित किए गए। दीपों की दिव्य आभा से पूरा ब्रह्मपुरी घाट जगमगा उठा और नर्मदा तट पर भक्ति, आस्था एवं संस्कृति का अनुपम संगम देखने को मिला।
*महाआरती से हुआ शुभारंभ -* कार्यक्रम का शुभारंभ मां नर्मदा की भव्य महाआरती के साथ हुआ। पुजारियों द्वारा विधि-विधान से की गई महाआरती में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। इसके पश्चात भजन संध्या का आयोजन हुआ, जिसमें भजन गायकों ने निरंतर गीत-संगीत एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
*दीप सज्जा और आतिशबाजी -* घाटों पर आकर्षक दीप सज्जा की गई। नर्मदा के जल में तैरते हजारों दीपों का दृश्य श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर गया। कार्यक्रम का समापन भव्य आतिशबाजी के साथ हुआ, जिसने आकाश को रंग-बिरंगी रोशनी से भर दिया।
*गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति -* इस आयोजन में नगर के गणमान्य नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही। आयोजन का उद्देश्य ओंकारेश्वर की आध्यात्मिक महिमा को जन-जन तक पहुंचाना तथा धार्मिक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को प्रोत्साहित करना है।
श्री ओंकारेश्वर मंदिर ट्रस्ट की ओर से सभी धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं एवं नगरवासियों को इस दिव्य आयोजन में सहभागी बनने पर आभार प्रकट किया गया।
