नकली शराब के नेटवर्क पर आबकारी विभाग का शिकंजा, कबाड़ दुकानों में छापेमारी

छिंदवाड़ा। अवैध और नकली शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग ने अब इसके संभावित स्रोतों पर भी निगरानी बढ़ा दी है। नकली शराब की री-पैकेजिंग में इस्तेमाल होने वाली खाली बोतलों, बारदानों और अन्य पैकेजिंग सामग्री की उपलब्धता रोकने के उद्देश्य से गुरुवार को जिले में कबाड़ दुकानों पर एक साथ सघन जांच अभियान चलाया गया। मुख्यमंत्री द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से दिए गए निर्देशों के पालन में सहायक आबकारी आयुक्त बीआर वैद्य के निर्देशन में विभागीय टीमों ने विभिन्न कबाड़ प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान दुकानों में संग्रहित खाली शराब की बोतलों, प्लास्टिक के बारदानों और अन्य सामग्री के संबंध में जानकारी जुटाई गई। विभाग का उद्देश्य यह पता लगाना है कि कहीं इन सामग्रियों का इस्तेमाल अवैध शराब के निर्माण या री-पैकेजिंग में तो नहीं किया जा रहा है।

खाली बोतलों के दोबारा इस्तेमाल पर नजर ००००

जांच के दौरान कुछ प्रतिष्ठानों में प्लास्टिक के खाली बारदानों को मशीनों से दबाकर बंडल बनाने और रीसाइक्लिंग के लिए भेजने की प्रक्रिया सामने आई। अधिकारियों ने सामग्री के संग्रहण, उपयोग और निस्तारण की प्रक्रिया का जायजा लिया। साथ ही खाली शराब की बोतलों के अनधिकृत संग्रहण और उनके संभावित पुन: उपयोग को लेकर भी जानकारी जुटाई गई।

होलोग्राम और क्यूआर कोड की भी जांच ०००

आबकारी विभाग नकली शराब के नेटवर्क को तोडऩे के लिए बहुआयामी रणनीति पर काम कर रहा है। इसके तहत अवैध शराब निर्माण के ठिकानों पर दबिश देने, परिवहन और बिक्री पर नियंत्रण रखने के साथ शराब की बोतलों पर लगे होलोग्राम और क्यूआर कोड की जांच भी की जा रही है। नकली होलोग्राम और पैकेजिंग सामग्री के दुरुपयोग की आशंका को भी जांच के दायरे में रखा गया है।

आगे भी जारी रहेगा अभियान ००००

विभाग की रणनीति केवल नकली शराब की जब्ती तक सीमित नहीं है, बल्कि उससे जुड़े पूरे नेटवर्क की कडिय़ों पर कार्रवाई करना है। अधिकारियों के अनुसार छिंदवाड़ा और पांढुर्णा में कबाड़ कारोबारियों सहित संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जाएगी। अवैध शराब के कारोबार को रोकने के लिए जांच और कार्रवाई का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Next Post

रीवा रिवर फ्रंट को देश में प्रथम स्थान: उप मुख्यमंत्री का विभिन्न संगठनों ने किया अभिनंदन और आभार व्यक्त

Thu Nov 12 , 2026
रीवा. स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के परिणामों में रीवा के रिवर फ्रंट ने देश में प्रथम स्थान प्राप्त कर पूरे विंध्य क्षेत्र और मध्यप्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है। इस ऐतिहासिक उपलब्धि के बाद सर्किट हाउस (राजनिवास) रीवा में विभिन्न सामाजिक संगठनों और नगर निगम भाजपा पार्षद दल […]

You May Like