
धार. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मध्य प्रदेश के धार जिले की बदनावर तहसील में एक रैली में कहा कि हमने ऑपरेशन सिंदूर में आतंकी पैड ध्वस्त कर दिए. हमारे सैनिक एक झटके में पाकिस्तान को घुटनों पर ले आए. यह नया भारत है और परमाणु धमकियों से नहीं डरता. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत मां की सुरक्षा हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता है. पाकिस्तान के आतंकियों ने हमारी बहनों और बेटियों का सिंदूर छीनने की कोशिश की थी. इसके जवाब में हमने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ चलाकर आतंकियों के कैंप नष्ट कर दिए. हमारे वीर जवानों ने पाकिस्तान को पलक झपकते ही घुटनों पर ला दिया. उन्होंने बताया कि कल ही एक पाकिस्तानी आतंकी दुनिया के सामने अपना हाल रोते हुए सुना रहा था. पीएम ने कहा कि यह नया भारत है, जो किसी के परमाणु हथियारों की धमकी से डरता नहीं है. प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि धार में देश का सबसे बड़ा एकीकृत टेक्सटाइल पार्क उद्योग जगत को नई ऊर्जा और किसानों की उपज को उचित मूल्य प्रदान करेगा.
अपने जन्मदिन पर पीएम नरेंद्र मोदी मध्यप्रदेश के धार पहुंचे। भारत माता की जय और नर्मदा मैया की जय से अपने संबोधन की शुरुआत करते हुए पीएम नरेंद्र मोदी ने राजा भोज, धार भोजशाला, मां बाग्देवी और ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र किया। मध्यप्रदेश के धार में प्रधानमंत्री ने पीएम मित्र पार्क के अलावा स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान, आदि कर्मयोगी अभियान, सुमन सखी चैटबॉट, पीएम मातृवंदन योजना, 8वें राष्ट्रीय पोषण माह का शुभारंभ भी किया। इस कार्यक्रम में उन्होंने महिलाओं के लिए शुरू की गई योजनाओं पर बात करते हुए खुद को भाई और बेटे के तौर बताया, जिन पर खूब तालियां बजीं।
