
ग्वालियर। गजराराजा चिकित्सा महाविद्यालय से संबद्ध सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल में शनिवार को दूसरा सफल किडनी ट्रांसप्लांट किया गया। नदी पार टाल निवासी 35 वर्षीय लेखराज की दोनों किडनियां खराब होने पर उनकी 63 वर्षीय मां उर्मिला गौड़ ने अपनी किडनी दान की। करीब साढ़े छह घंटे चले ऑपरेशन के बाद मां और बेटे दोनों की हालत स्थिर बताई गई है।
चिकित्सकों के अनुसार मरीज और डोनर की मेडिकल हिस्ट्री, काउंसलिंग और किडनी की अनुकूलता के परीक्षण पूरे होने के बाद दोनों को अस्पताल में भर्ती किया गया था। शनिवार दोपहर 12 बजे नेफ्रोलॉजी, एनेस्थीसिया और यूरोलॉजी विभाग की संयुक्त टीम ने ट्रांसप्लांट शुरू किया, जो शाम 6.30 बजे पूरा हुआ। यह प्रक्रिया दिल्ली के विशेषज्ञों की निगरानी में हुई।
ऑपरेशन के दौरान अधिष्ठाता डॉ. आरकेएस धाकड़ भी सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल पहुंचे। उन्होंने प्रभारी अधीक्षक डॉ. नीलिमा टंडन से प्रक्रिया की जानकारी ली और परिजनों से बातचीत कर बेहतर उपचार व देखभाल का आश्वासन दिया।
*आयुष्मान योजना से निशुल्क हुआ प्रत्यारोपण*
लेखराज का पूरा किडनी ट्रांसप्लांट आयुष्मान भारत योजना के तहत निशुल्क किया गया, जिससे परिवार को बड़ी आर्थिक राहत मिली। परिजनों ने इस पर अस्पताल प्रबंधन और चिकित्सा महाविद्यालय का आभार जताया।
प्रभारी अधीक्षक डॉ. नीलिमा टंडन ने बताया कि ट्रांसप्लांट के बाद संक्रमण के खतरे को देखते हुए मरीज को विशेष आईसीयू में रखा गया है, जहां चिकित्सकों की 24 घंटे ड्यूटी लगाई गई है। डोनर मां की सेहत पर भी लगातार नजर रखी जा रही है।
*20 मरीज वेटिंग लिस्ट में* अधिष्ठाता डॉ. आरकेएस धाकड़ ने कहा कि टर्शियरी केयर सेंटर होने के नाते सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल में किडनी ट्रांसप्लांट की सुविधा जरूरी थी। दूसरे सफल प्रत्यारोपण के बाद अस्पताल में करीब 20 मरीज वेटिंग लिस्ट में हैं और जल्द ही नियमित रूप से किडनी ट्रांसप्लांट शुरू होने की उम्मीद है।
ट्रांसप्लांट टीम में डॉ. नीलिमा टंडन, डॉ. प्रशांत श्रीवास्तव, डॉ. शिवम यादव, डॉ. अंकित शर्मा, डॉ. सीमा शिंदे, डॉ. जिंदल, डॉ. नम्रता जैन, डॉ. कुशल, डॉ. संजय, डॉ. उदित, डॉ. नीरज सहित पीजी व नर्सिंग स्टाफ शामिल रहे।
