
इंदौर. तरण पुष्कर में आयोजित राज्य स्तरीय तैराकी प्रतियोगिता के पहले ही दिन सोमवार को बड़ा हादसा टल गया. बैतूल के भैंसदेही स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय की छात्रा अर्चना तैराकी के दौरान अचानक पानी में बेहोश हो गई. गनीमत रही कि समय पर उसे पानी से बाहर निकालकर 108 एंबुलेंस की मदद से एमवाय अस्पताल पहुंचा दिया.
फिलहाल डॉक्टरों ने उसे ऑक्सीजन सपोर्ट पर रखा है. प्रतियोगिता बुधवार से शुरु होकर गुरुवार तक चलेगी. हादसे ने एकलव्य विद्यालयों की तैयारियों और सुरक्षा इंतजामों की पोल खोल दी है. आयोजन स्थल पर सुरक्षा प्रबंधन और आपातकालीन सुविधाओं पर सवाल उठने लगे हैं. विशेषज्ञों का कहना है कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता जैसे बड़े आयोजन में सुरक्षा इंतजामों की चूक गंभीर लापरवाही मानी जाएगी, फिलहाल मामले की जांच की जा रही है.
