डिजिटल अरेस्ट का डर दिखाकर महिला से 54,500 रुपये ठगने वाला आरोपी कानपुर से गिरफ्तार

पन्ना, कोतवाली थाना क्षेत्र में क्राइम ब्रांच का अधिकारी बनकर महिला को डिजिटल अरेस्ट व कार्रवाई के नाम पर डराने और 54,500 रुपये की साइबर ठगी करने वाले आरोपी को पन्ना पुलिस ने उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से ठगी की गई पूरी 54,500 रुपये की राशि भी जब्त कर ली है। पुलिस के अनुसार, टिकुरिया बस्ती पन्ना निवासी फरियादिया श्रीमती शिवानी अहिरवार ने 31 अक्टूबर 2025 को कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि 8 अक्टूबर 2025 को उनके मोबाइल पर एक अज्ञात व्यक्ति का कॉल आया था। कॉल करने वाले ने खुद को भोपाल क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताते हुए कहा कि उनके पति अशोक कुमार जाटव आपत्तिजनक वेबसाइट देखते हैं, जिसके खिलाफ विभिन्न थानों में एफआईआर दर्ज हो रही हैं।

आरोपी ने कार्रवाई से बचाने का झांसा देकर एक लाख रुपये की मांग की और धमकाया। डर के कारण फरियादिया ने फोन-पे के जरिए दो बार में 36,500 रुपये तथा बाद में व्हाट्सएप पर भेजे गए क्यूआर कोड के माध्यम से 18,000 रुपये ट्रांसफर कर दिए। इस तरह कुल 54,500 रुपये की ऑनलाइन ठगी हुई। शिकायत के आधार पर कोतवाली पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सव्यसाची सराफ ने आरोपी की तलाश और गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वंदना चौहान के मार्गदर्शन तथा कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक हेमंत नायक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने साइबर सेल पन्ना की तकनीकी मदद से बैंक खातों और अन्य साक्ष्यों का विश्लेषण किया, जिससे आरोपी का सुराग कानपुर में मिला। इसके बाद पन्ना पुलिस की टीम कानपुर रवाना हुई और त्रिलोकपुर, थाना चौबेपुर, जिला कानपुर (उत्तर प्रदेश) निवासी आरोपी अभिषेक कठेरिया उम्र 18 वर्ष को अभिरक्षा में ले लिया। पूछताछ में आरोपी ने वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया, जिसके बाद उसके कब्जे से ठगी गई संपूर्ण राशि 54,500 रुपये बरामद कर ली गई। इस कार्रवाई में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक हेमंत नायक सहित उनकी टीम और साइबर सेल टीम की सराहनीय भूमिका रही।

Next Post

दो माह से लापता 19 वर्षीय युवती मुंबई के वसई से दस्तयाब

Sat Nov 21 , 2026
मंदसौर। सीतामऊ पुलिस ने करीब दो माह से लापता 19 वर्षीय युवती को मुंबई के वसई से दस्तयाब कर परिजनों के सुपुर्द किया है। युवती 28 सितंबर 2026 को ग्राम काचरिया जाट स्थित अपने घर से बिना बताए चली गई थी। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के […]

You May Like