
ग्वालियर। माधव विधि महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा आज सामाजिक सरोकारों के तहत एक सराहनीय पहल करते हुए माधव बाल निकेतन एवं वृद्ध आश्रम” का भ्रमण किया गया। विद्यार्थियों ने वहां निवासरत बच्चों एवं बुजुर्गों के साथ समय व्यतीत कर उनके साथ संवाद स्थापित किया तथा आत्मीयता का भाव प्रकट किया।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने बाल निकेतन के बच्चों के साथ खेल-कूद एवं मनोरंजक गतिविधियों में भाग लिया, वहीं वृद्ध आश्रम में बुजुर्गों से बातचीत कर उनके अनुभवों को सुना और उनका सम्मान किया। इस दौरान विद्यार्थियों द्वारा मिठाई, फल, लस्सी एवं अन्य आवश्यक सामग्री का वितरण भी किया गया।
इस सेवा कार्य में महाविद्यालय की सहायक प्राध्यापक डॉ. सपना दुबौलिया, श्रीमती रोली श्रीवास्तव एवं धर्मेंद्र शर्मा भी विद्यार्थियों के साथ उपस्थित रहीं। उन्होंने छात्रों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां विद्यार्थियों में सामाजिक उत्तरदायित्व एवं मानवीय मूल्यों को विकसित करती हैं।
