नयी दिल्ली, 21 नवंबर (वार्ता) घरेलू थोक जिंस बाजारों में शनिवार को भी चीनी की कीमतों में तेजी जारी रही। गेहूं के भाव भी चढ़ गए जबकि चावल में नरमी रही। वहीं, दालों और खाद्य तेलों में घट-बढ़ देखी गई।
मीठे के थोक बाजार में चीनी की औसत कीमत 10 रुपये बढ़कर 5,664 रुपये प्रति क्विंटल पर पहुंच गई। गुड़ भी 16 रुपये महंगा हुआ और 6,040 रुपये प्रति क्विंटल बोला गया। खुदरा बाजार में चीनी की औसत कीमत एक पैसा कम होकर 60.81 रुपये प्रति किलोग्राम रह गई।
औसत दर्जे के चावल की औसत कीमत चार रुपये घटकर 4,358 रुपये प्रति क्विंटल रह गई। गेहूं 11 रुपये चढ़कर 2,970 रुपये प्रति क्विंटल पर पहुंच गया। आटे का भाव भी 15 रुपये बढ़ा।
दाल-दलहनों में तुअर दाल की औसत कीमत 49 रुपये और मूंग दाल की 40 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ गई। उड़द दाल 21 रुपये और चना दाल 18 रुपये महंगी हुई। मसूर दाल 51 रुपये प्रति क्विंटल सस्ती हुई।
स्थानीय बाजारों में सरसों तेल की औसत कीमत 59 रुपये और सूरजमुखी तेल की 41 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ गई। सोया तेल तीन रुपये महंगा हुआ। मूंगफली तेल 48 रुपये और वनस्पति 28 रुपये सस्ता हुआ। पाम ऑयल 21 रुपये प्रति क्विंटल फिसल गया।