नई दिल्ली। दिल्ली के करोल बाग मेट्रो स्टेशन के पास शुक्रवार शाम एक कॉर्पोरेट ऑफिस में आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना मेट्रो पिलर नंबर 95 के नजदीक स्थित एटल शोरूम के पीछे की एक इमारत में हुई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
*शाम करीब 7 बजे लगी आग*
मौके पर मौजूद एक कर्मचारी के मुताबिक, शुक्रवार शाम करीब 7 बजे ऑफिस में आग लगी थी। देखते ही देखते इमारत से धुएं का घना गुबार उठने लगा। इसके बाद दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का अभियान शुरू किया। घटना के समय ऑफिस में कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था, इसलिए किसी के घायल होने या जान जाने की सूचना नहीं है।
*कंप्यूटर और सामान को नुकसान*
आग की चपेट में आने से ऑफिस में रखे कुछ कंप्यूटर और अन्य सामान जलने की जानकारी सामने आई है। शुरुआती आकलन के मुताबिक, नुकसान सीमित बताया जा रहा है। हालांकि, वास्तविक नुकसान का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।
*बिल्डिंग सील, फॉरेंसिक जांच का इंतजार*
घटना के बाद संबंधित अधिकारियों ने इमारत को सील कर दिया है। शुरुआती तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई जा रही है, लेकिन अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है। फॉरेंसिक टीम जांच करेगी, जिसके बाद आग लगने के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल प्रशासन की नजर जांच रिपोर्ट पर है।
