
बागली, सुखद वर्षा की कामना को लेकर शनिवार को पुंजापुरा, पाजंरिया, बयड़ी और सोबल्यापुरा की 351 महिलाओं एवं बच्चों ने कलश कावड़ यात्रा निकाली। यात्रा का नेतृत्व राधाबाई चोयल, रुक्मणी परिहार, सक्कूबाई, रुक्मणी काग और धापूबाई केने ने किया।
यात्रा की शुरुआत मैया नर्मदा के धाराजी तट से जल भरकर की गई। शनिवार शाम पिपरी पहुंचने पर सभी ने मैया मनोकामेश्वरी नर्मदा मंदिर, सनातन विचार मंच पर रात्रि विश्राम किया।
*पिपरी में हुआ भव्य स्वागत*
रविवार सुबह पूजा-अर्चना और आरती के बाद यात्रा पिपरी से रवाना हुई। इस दौरान अन्न क्षेत्र समिति द्वारा सभी के लिए चाय की व्यवस्था की गई। गुप्ता परिवार ने श्रद्धालुओं के लिए अल्पाहार कराया। गांव के मध्य दयाराम चावड़ा ने सभी को नाश्ते के पैकेट वितरित किए।
इस अवसर पर इंद्रेश गुप्ता, अर्पण जैन, अजय जैन सहित महिला मंडल की विभा गुप्ता, रोहिता जैन, शारदा गुप्ता, जमुना गुप्ता और ललिता गुप्ता ने कलशों का पूजन किया। यात्रा प्रभारी 5 महिलाओं का तिलक लगाकर साड़ी भेंट कर सम्मान भी किया गया।
*सोमवार को पूजांपुरा शिवालय में जलाभिषेक*
यात्रा सोमवार सुबह पूजांपुरा स्थित शिवालय पहुंचकर नर्मदा जल से जलाभिषेक के साथ संपन्न होगी। यात्रा व्यवस्था में पुंजापुरा के उत्तम जय सिंघानिया, रामनारायण परिहार, मोहन परिहार सहित गांव के नवयुवकों और स्थानीय ग्रामीणों का विशेष सहयोग रहा।
