
सिंगरौली। जिले के चितरंगी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बर्दी में शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। करीब 3:45 बजे अनियंत्रित स्कूल पिकअप वाहन ने सड़क किनारे चल रही एक वृद्ध महिला को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि महिला की मौके पर ही मौत हो गई। मृतिका की पहचान जोखनी सेन (75 वर्ष) पति स्वर्गीय जनी सेन, निवासी ग्राम बर्दी के रूप में हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पिकअप वाहन तेज रफ्तार में था और अचानक नियंत्रण खो बैठा। वाहन सीधे वृद्ध महिला को रौंदता हुआ निकल गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए वाहन को घेरकर रोक लिया, लेकिन चालक मौके से फरार हो गया। बताया जा रहा है कि वाहन डीवीएस पब्लिक स्कूल धरौली का है और बच्चों को लेकर जा रहा था।
घटना के बाद चालक वाहन लेकर भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन मुडपेली कला के पास वाहन अनियंत्रित हो गया। गनीमत रही कि पिकअप में सवार स्कूली बच्चे बाल-बाल बच गए। इस दौरान ग्रामीणों का गुस्सा भी फूट पड़ा और उन्होंने स्कूल प्रबंधन तथा प्रशासन पर लापरवाही के आरोप लगाए।
सूत्रों के मुताबिक, स्कूल पिकअप वाहन बिना नंबर का था और उसके पास कोई वैध दस्तावेज भी नहीं पाए गए हैं। न तो वाहन का पंजीयन स्पष्ट था और न ही चालक के लाइसेंस संबंधी जानकारी सामने आई है। इससे स्कूल वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
हादसे की सूचना मिलते ही चितरंगी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फरार चालक की तलाश की जा रही है और वाहन को जब्त कर लिया गया है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि स्कूल वाहन संचालन के लिए आवश्यक अनुमति और नियमों का पालन किया जा रहा था या नहीं।
ग्रामीणों ने मृतिका के परिजनों को मुआवजा देने और दोषी चालक व स्कूल प्रबंधन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। इस घटना ने एक बार फिर जिले में स्कूल वाहनों की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर बड़ा प्रश्नचिह्न खड़ा कर दिया है।
