नई दिल्ली, रेल परिचालन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए पूर्व तटीय रेलवे ने फ्रंटलाइन रनिंग क्रू और तकनीकी विशेषज्ञों के बीच सीधा संपर्क स्थापित करने हेतु 24×7 ‘रियलटाइम लोको क्रू सहायता केंद्र’ की शुरुआत की है। इस समर्पित कॉल सेंटर के माध्यम से लोको पायलट (LPs), सहायक लोको पायलट (ALPs) और अन्य रनिंग स्टाफ चलती ट्रेन में इंजन की खराबी आने पर क्लोज्ड यूजर ग्रुप (CUG) टेलीफोन नंबर के जरिए तत्काल विशेषज्ञों से जुड़ सकेंगे। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, समय पर तकनीकी मार्गदर्शन मिलने से क्रू खराबी की प्रकृति को समझकर निर्धारित ट्रबलशूटिंग प्रक्रियाओं का पालन कर सकेगा, जिससे न केवल परिचालन बाधाएं कम होंगी बल्कि किसी भी छोटी समस्या को गंभीर सुरक्षा दुर्घटना में बदलने से रोका जा सकेगा।
डीपीडब्ल्यूसीएस समस्याओं के लिए अलग व्यवस्था, ओईएम कॉल सेंटर से लेकर अंगुल इलेक्ट्रिक लोको शेड तक होगा समन्वय
इस नई व्यवस्था से लोकोमोटिव क्रू और इलेक्ट्रिक इंजनों के रखरखाव व मरम्मत के लिए जिम्मेदार तकनीकी टीमों के बीच समन्वय बेहतर होने की उम्मीद है, ताकि कर्मचारियों को जटिल समस्याओं से अकेले न जूझना पड़े। इसके साथ ही डिस्ट्रीब्यूटेड पावर वायरलेस कंट्रोल सिस्टम (DPWCS) से जुड़े मुद्दों के समाधान के लिए अलग रूपरेखा तैयार की गई है, जिसके तहत शुरुआती चरण में संबंधित मूल उपकरण निर्माताओं (OEMs) के समर्पित कॉल सेंटर इन समस्याओं को संभालेंगे और आगे के समाधान के लिए उन्हें अंगुल इलेक्ट्रिक लोको शेड के सहायता केंद्र के माध्यम से आगे बढ़ाया जाएगा।
क्रू लॉबी व व्हाट्सएप ग्रुप में जानकारी साझा करने के निर्देश, ऑनलाइन ट्रबलशूटिंग में समय-सीमा का पालन अनिवार्य
सहायता केंद्र के प्रभावी उपयोग को सुनिश्चित करने के लिए रेलवे प्रशासन ने सभी क्रू लॉबी के नोटिस बोर्ड पर कॉल सेंटर की जानकारी प्रदर्शित करने तथा मुख्य लोको निरीक्षकों को इसे व्हाट्सएप ग्रुप में साझा करने के निर्देश दिए हैं, ताकि लोको पायलट, क्रू नियंत्रक और ट्रेन लाइटिंग नियंत्रक तक सूचना बिना देरी के पहुंच सके। इसके अलावा निर्देशों में ऑनलाइन ट्रबलशूटिंग के लिए निर्धारित समय-सीमा का सख्ती से पालन करने पर जोर दिया गया है, जिससे सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत ट्रेन संचालन सुव्यवस्थित बना रहे।

