
इटारसी। जनता की हर समस्या के लिये कांग्रेस लडने में पीछे नहीं रहेगी, पिक एण्ड ड्राप के स्टाप को लेकर हम तभी मानेंगे। पुरानी इटारसी में जो बस स्टेंड बना है उससे हमारा कोई विरोध नहीं है। हम तो इटारसी में आने जाने वाले लोगों के लिये पूर्ण सुविधा मिल सके इस कारण बस स्टेंड पुराने बस स्टेंड को चालू करने की मांग कर रहे हैं। चाहे इसके लिये हमें जन आंदोलन भी करना पडेगा तो हम पीछे नहीं हटेंगे। उपरोक्त बात मप्र कांग्रेस कमेटी के मानक अग्रवाल ने आज स्थानीय ईष्वर रेस्टारेंट में पत्रकारों को सम्बोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि पिक एंड ड्रॉप व्यवस्था दोबारा शुरू कराने के लिए कांग्रेस किसी भी हद तक जाएगी। हालांकि, यह हद क्या होगी और आंदोलन की अगली रणनीति क्या होगी, इस पर उन्होंने फिलहाल पर्दा बनाए रखा। इतना जरूर कहा कि इसके लिए योजना तैयार की जाएगी।
पटवारी के निर्देश पर पहुंचे इटारसी, कलेक्टर से भी हुई बात
मानक अग्रवाल ने बताया कि पिछले दिनों इटारसी के कांग्रेस साथी भोपाल पहुंचे थे और उन्होंने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी से मुलाकात कर बस स्टैंड की समस्या रखी थी। इसके बाद प्रदेश अध्यक्ष ने उन्हें इटारसी जाकर जनता की परेशानी समझने और मामले को देखने के लिए कहा। अग्रवाल ने बताया कि उन्होंने इस संबंध में कलेक्टर से भी बातचीत की है।
उन्होंने आरोप लगाया कि बस स्टैंड के मुद्दे को विधायक ने अपनी प्रतिष्ठा का प्रश्न बना लिया है। प्रशासन भी सत्ता की भाषा बोलता नजर आ रहा है, जबकि उसे जनता की परेशानी को समझना चाहिए। उन्होंने कहा कि भविष्य में कांग्रेस की सरकार बनने पर प्रशासन को अपने आज के रवैये के परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं।
गुटबाजी के सवाल पर बोले- पूरी कांग्रेस एक साथ है
पत्रकार वार्ता के दौरान कांग्रेस की अंदरूनी गुटबाजी को लेकर भी लगातार सवाल उठे। दरअसल, बस स्टैंड आंदोलन के दौरान पार्टी के अलग-अलग नेताओं और गुटों की सक्रियता को लेकर राजनीतिक चर्चाएं होती रही हैं। पत्रकारों ने मानक अग्रवाल से इस कथित गुटबाजी पर सवाल किए, लेकिन उन्होंने इसे सिरे से खारिज कर दिया।
अग्रवाल ने कहा कि पूरी कांग्रेस एक साथ है और आगे भी एकजुट रहेगी। हालांकि, पत्रकार वार्ता में बार-बार गुटबाजी का सवाल उठना इस बात का संकेत था कि आंदोलन के दौरान कांग्रेस की आंतरिक एकजुटता भी चर्चा के केंद्र में है।
पत्रकार वार्ता में जिला कांग्रेस अध्यक्ष शिवाकांत पाण्डेय, नगर कांग्रेस अध्यक्ष कन्हैया गोस्वामी, जिला किसान कांग्रेस अध्यक्ष बाबू चौधरी, सेवादल यंग ब्रिगेड के अध्यक्ष गजानन तिवारी, महिला कांग्रेस अध्यक्ष नेहा चावरे, पूर्व अध्यक्ष पंकज राठौर, सोनू गुरयानी सहित अन्य कांग्रेसजन मौजूद रहे।
पुरानी इटारसी का विरोध नहीं, पुराने बस स्टैंड पर पिक एंड ड्रॉप चाहिए
अग्रवाल ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पुरानी इटारसी में बस स्टैंड विकसित करने के विरोध में नहीं है। उनकी मांग है कि पुरानी इटारसी के बस स्टैंड को और अधिक आधुनिक सुविधाओं से विकसित किया जाए, लेकिन शहर के पुराने बस स्टैंड पर भी बसों के लिए पिक एंड ड्रॉप की व्यवस्था बहाल होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि इटारसी की जनता ने दुकानें बंद कर इस समस्या को उठाया है। यह केवल कांग्रेस का राजनीतिक मुद्दा नहीं, बल्कि शहर के नागरिकों की रोजमर्रा की परेशानी से जुड़ा विषय है। उन्होंने दोहराया कि चाहे कुछ भी हो जाए, पुराने बस स्टैंड पर पिक एंड ड्रॉप की व्यवस्था शुरू कराकर रहेंगे।
विधायक और नपा अध्यक्ष पर जमीनों को लेकर गंभीर आरोप
पत्रकार वार्ता में मानक अग्रवाल ने बस स्टैंड के मुद्दे को जमीनों और व्यावसायिक परिसरों के निर्माण से भी जोड़ दिया। उन्होंने विधायक और नगर पालिका अध्यक्ष पर मिलीभगत कर बस स्टैंड की जमीन को लेकर षड्यंत्र करने का आरोप लगाया।
अग्रवाल का आरोप था कि नए बस स्टैंड के आसपास की जमीन अपने लोगों से खरीदवाकर वहां कॉम्प्लेक्स खड़ा करने और उससे आर्थिक लाभ लेने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि विधायक को शहर की जनता की तकलीफों से कोई सरोकार नहीं है। उन्होंने विधायक पर मंदिरों की जमीन बेचने और उनसे कमाई करने के आरोप भी लगाए। अग्रवाल ने कहा कि विधायक और नगर पालिका अध्यक्ष के कार्यकाल में शहर की हालत बिगड़ी है।
रेस्टहाउस की जमीन पर कॉम्प्लेक्स, अब बची जमीन पर नजर?
मानक अग्रवाल ने रेस्टहाउस की जमीन पर बने कॉम्प्लेक्स का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि रेस्टहाउस की जमीन बेचकर वहां कॉम्प्लेक्स बनवाया गया, लेकिन महंगी दुकानों के कारण इटारसी के लोग उन्हें खरीदने में रुचि नहीं दिखा रहे हैं। अब नए रेस्टहाउस के निर्माण के बाद बची हुई जमीन को लेकर भी कोशिशें किए जाने का आरोप उन्होंने लगाया।
पत्रकार वार्ता के बाद बस स्टैंड पहुंचे अग्रवाल
पत्रकार वार्ता समाप्त होने के बाद मानक अग्रवाल पुराने बस स्टैंड पहुंचे। यहां उन्होंने स्थानीय लोगों से चर्चा की और उनकी परेशानियां सुनीं। इस दौरान पिक एंड ड्रॉप व्यवस्था की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन और उससे जुड़े मुद्दों पर बातचीत हुई।
