शुभेंदु ने बंगाल में चक्रवात की तैयारियों की समीक्षा की, अधिकारियों को हाई अलर्ट पर रहने का दिया निर्देश

कोलकाता, 20 नवंबर (वार्ता) पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने में चक्रवात अकवान के संभावित खतरे को देखते हुए शुक्रवार को राज्य की तैयारियों की समीक्षा की और प्रशासन को हाई अलर्ट पर रहने का निर्देश दिया है।

श्री अधिकारी ने राज्य की तैयारियों और संवेदनशील जिलों की स्थिति की समीक्षा के लिए एक उच्च-स्तरीय वीडियो कॉन्फ्रेंस की अध्यक्षता की। इस बैठक में मुख्य सचिव, गृह सचिव, पुलिस महानिदेशक और अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। इसके अलावा कई प्रभावित और संवेदनशील जिलों के जिला मजिस्ट्रेट और पुलिस अधीक्षक तथा कोलकाता नगर निगम के आयुक्त भी इस बैठक में शामिल हुए।
समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने पश्चिम मेदिनीपुर, पूर्व मेदिनीपुर, उत्तर 24 परगना, दक्षिण 24 परगना, हावड़ा, बांकुरा और झारग्राम के साथ-साथ सुंदरबन और डायमंड हार्बर पुलिस जिलों की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने प्रशासन को निर्देश दिया कि विभिन्न विभागों और जिला प्राधिकरणों के बीच बेहतर तालमेल रखा जाये। उन्होंने इसके साथ ही यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि भारी बारिश, जलभराव, बाढ़ और तेज हवाओं की आशंका वाले इलाकों में बिना किसी देरी के बचाव के उपाय किये जायें।

श्री अधिकारी ने अधिकारियों से यह भी कहा कि वे स्थिति पर कड़ी नज़र रखें और मौसम प्रणाली के कारण पैदा होने वाली किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहें। उन्होंने लोगों की सुरक्षा और संपत्ति के बचाव पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने प्रशासन को निर्देश दिया है कि जब तक मौसम की स्थिति और कमजोर नहीं हो जाती, तब तक सतर्क रहें। इसके साथ ही यह सुनिश्चित करने को कहा कि सभी विभाग और जिला प्रशासन लोगों की जान-माल की सुरक्षा के लिए आपसी तालमेल के साथ काम करें।अधिकारियों को तटीय इलाकों में भी सतर्क रहने को कहा गया है। खराब मौसम को देखते हुए मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गयी है।

मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार ‘अकवान’ शुक्रवार सुबह 07:30 से 08:30 बजे के बीच गोपालपुर के पास उत्तरी आंध्र प्रदेश-दक्षिणी ओडिशा तट से टकराया। इस दौरान हवा की गति 70-80 किमी प्रति घंटा थी और हवा के झोंके 90 किमी प्रति घंटा तक पहुंच गये थे। इसके बाद यह कमजोर होकर दक्षिणी ओडिशा के तटीय इलाकों में एक गहरे दबाव के क्षेत्र में बदल गया। मुख्यमंत्री की समीक्षा में लगातार हो रही बारिश के संभावित प्रभावों पर भी चर्चा की गयी, जिसमें निचले इलाकों में जलभराव, परिवहन व्यवस्था में बाधा और कुछ जगहों पर बाढ़ आने की आशंका शामिल है।

मौसम विभाग ने कोलकाता, हावड़ा, हुगली, उत्तर और दक्षिण 24 परगना, पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर तथा झारग्राम के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी है। इसके साथ ही आंधी-तूफान, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने का भी अनुमान है। दक्षिण बंगाल के कई इलाकों में पहले ही काफी बारिश हो चुकी है। नदिया जिले के कल्याणी में पिछले 24 घंटों के दौरान 91.8 मिमी बारिश दर्ज की गयी, जबकि पश्चिम मेदिनीपुर के कलाईकुंडा में 89.8 मिमी और हावड़ा के अमता में 88.3 मिमी बारिश हुई।

इस मौसम प्रणाली ने कृषि को लेकर भी चिंताएं बढ़ा दी हैं, खासकर तैयार हो चुकी ‘अमन’ धान की फसल, सर्दियों की सब्जियों और आलू की खेती की तैयारियों को लेकर। प्रशासन लगातार हो रही बारिश का खड़ी फसलों और कटाई के बाद रखी गयी उपज पर पड़ने वाले संभावित असर की निगरानी कर रहा है।

Next Post

खाद-बीज दुकानों में छापेमारी, अनियमितता पाये जाने पर नोटिस

Fri Nov 20 , 2026
जबलपुर। किसानों को समय पर, पारदर्शी तरीके से और निर्धारित सरकारी दरों पर खाद-बीज उपलब्ध कराने के उद्देश्य से किसान कल्याण एवं कृषि विकास विभाग के दल ने पनागर स्थित विभिन्न उर्वरक एवं बीज प्रतिष्ठानों में छापेमारी की । निरीक्षण के दौरान श्री राम बीज भंडार, कुशवाहा बीज भंडार तथा […]

You May Like

मनोरंजन