
विशेष संवाददाता भोपाल। देश की अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण और उसे नष्ट होने से बचाने के लिए वरिष्ठ पुरातत्त्वविद् डॉ. दिनेश कुमार माथुर ने एक महत्त्वपूर्ण शोधपरक पुस्तक ‘एंटोमोडिटीरियोरेशन ऑफ कल्चरल प्रॉपर्टी’ लिखी है। पुस्तक का हाल ही में विमोचन किया गया।
पुरातत्त्व के क्षेत्र में 36 वर्षों का अनुभव रखने वाले डॉ. माथुर अब तक नर्मदा, बेतवा, चंबल और सोन नदियों के किनारे स्थित प्राचीन स्थलों पर 18 उत्खनन कार्य कर चुके हैं। उन्होंने वर्ष 1992 में जापान के योकोहामा में सांस्कृतिक धरोहर के जैविक क्षरण पर आयोजित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में भारत का प्रतिनिधित्व भी किया था।
पुस्तक में वैज्ञानिक शोध और मध्य प्रदेश के छह संग्रहालयों में किए गए सर्वेक्षण के आधार पर पांडुलिपियों, चित्रों, वस्त्रों, लकड़ी की कलाकृतियों तथा अन्य पुरावशेषों को कीटों से होने वाले नुकसान का विस्तृत अध्ययन प्रस्तुत किया गया है।
इसमें ‘एंटोमो-आर्कियोलॉजी’ नामक उभरते शोध क्षेत्र पर भी प्रकाश डाला गया है, जिसमें कीट विज्ञान और पुरातत्त्व का समन्वय किया गया है।
यह पुस्तक पुरातत्त्वविदों, इतिहासकारों, संग्रहालय विशेषज्ञों और शोधार्थियों के लिए उपयोगी संदर्भ सामग्री साबित होगी।
