चितरंगी : शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय गोंदवाली का जर्जर भवन इन दिनों विद्यार्थियों और अभिभावकों के लिए चिंता का कारण बना हुआ है। स्कूल की दीवारों और छत में गंभीर दरारें दिखाई दे रही हैं।कई स्थानों पर प्लास्टर उखड़ चुका है, जबकि दीवार और छत के बीच का जोड़ भी खुलता नजर आ रहा है। बारिश के मौसम में भवन की स्थिति और भी चिंताजनक हो गई है। स्कूल परिसर की हालिया तस्वीरों में भवन की दीवारों में पड़ी गहरी दरारें साफ दिखाई दे रही हैं।
कुछ हिस्सों में निर्माण सामग्री और सरिया तक नजर आ रहा है। ऐसे में कक्षाओं में बैठकर पढ़ने वाले बच्चों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़़े हो गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से भवन की मरम्मत की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक ठोस पहल नहीं हुई। अभिभावकों में भी बच्चों की सुरक्षा को लेकर भय का माहौल है।
