
रीवा, अमृत 2.0 पेयजल योजना के तहत शहर में बनी छ: नई उच्च स्तरीय पानी की टंकियों (ओएचटी) का शुक्रवार को महापौर अजय मिश्रा ‘बाबा‘ की उपस्थिति में वरिष्ठ नागरिकों के द्वारा लोकार्पण किया गया. इन टंकियों की कुल क्षमता 7,860 किलो लीटर है. इनसे जुड़े क्षेत्रों में अब इन्हीं टंकियों से पानी की सप्लाई होगी. जबकि 6 और टंकियां बन रही है जिनका निर्माण अधर में है.
महापौर की उपस्थिति में यमुना प्रसाद तिवारी ने अनंतपुर में, श्रीमती नीतू अशोक पटेल ‘झब्बू‘ ने रविदास नगर, धनेंद्र सिंह बघेल ने श्रवण कुमारी, अमृतलाल मिश्रा ने हाउसिंग बोर्ड और मनीष नामदेव ने बाबू जगजीवन राम नगर इंदिरा नगर में टंकियों का लोकार्पण किया गया. महापौर अजय मिश्रा ने कहा कि शहर के हर घर तक साफ और भरपूर पानी पहुंचाना नगर निगम की पहली प्राथमिकता है. उन्होंने कहा कि आज छह टंकियां जनता को सौंप दी गई हैं और बाकी छह टंकियों का काम हर हाल में दो महीने में पूरा होना चाहिए. उन्होंने कहा कि काम में देरी हुई तो जिम्मेदारी तय की जाएगी. उन्होंने यह भी कहा कि अगली गर्मी में शहर के किसी भी मोहल्ले को पानी के लिए परेशान न होना पड़े, योजना पूर्ण करने के लिए शासन से बकाया राशि न मिलने के कारण नगर निगम रीवा 50 करोड़ का ऋण लेकर जल्द से जल्द योजना को पूर्ण करेंगे. इसी लक्ष्य के साथ काम किया जा रहा है. अनुबंध के अनुसार योजना की मूल लागत 162 करोड़ रुपये है. इस पर 18 प्रतिशत जीएसटी के 29.16 करोड़ रुपये जोडक़र योजना की कुल लागत 191.16 करोड़ रुपये है. इस अवसर पर रमा दुबे, पूर्व पार्षद अशोक पटेल झब्बू, उमेश वर्मा, सेहफुज खान, अमृतलाल मिश्रा, डिप्टी कमिश्नर प्रकाश द्विवेदी, कार्यपालन यंत्री सिद्धार्थ सिंह, पीएचई सहायक यंत्री रवि तिवारी, सी.एम.आर. कंपनी के इंजीनियर और कर्मचारी मौजूद रहे.
6 टंकियों का निर्माण अधर में लटका
योजना के तहत छ: और टंकियां बन रही हैं, जिनकी कुल क्षमता 10,810 किलोलीटर है. ये टंकियां पंचमठा (850 किलोलीटर), पद्मधर (1,100 किलोलीटर), सुंदर नगर (1,550 किलोलीटर), चोरहटा (2,000 किलोलीटर) में टंकी का काम गलत जमीन चयन के चलते पिछले एक साल से बंद पड़ा है. अंबेडकर नगर (2,360 किलोलीटर) और आयुर्वेदिक कॉलेज, निपानिया (2,950 किलोलीटर) में हैं. महापौर ने निर्माण एजेंसी और निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए कि इनका बचा हुआ काम दो महीने के अंदर पूरा करके इन्हें चालू किया जाए. सभी 12 टंकियां शुरू होने पर शहर में 18,670 किलोलीटर पानी जमा रखने की क्षमता हो जाएगी.
