नर्मदा सिंचाई परियोजना का लाभ देने की मांग को लेकर विधायक विक्रांत भूरिया ने शुरू की पदयात्रा

झाबुआ. झाबुआ विधायक डॉ. विक्रांत भूरिया ने नर्मदा माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना में बोरी, राणापुर, कुंदनपुर और पिटोल क्षेत्र को शामिल कर लाभ देने की मांग को लेकर शुक्रवार से पदयात्रा शुरू की। उन्होंने राणापुर से झाबुआ तक करीब 20 किलोमीटर की पदयात्रा प्रारंभ की है। शुक्रवार सुबह 11 बजे राणापुर के गुजरी मैदान से शुरू हुई पदयात्रा झाबुआ की ओर बढ़ी। इसमें कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ पंच और सरपंच भी शामिल हुए। पदयात्रा के दौरान डॉ. विक्रांत भूरिया ने सरकार और प्रशासन पर इन क्षेत्रों की अनदेखी करने का आरोप लगाया।

उन्होंने कहा कि ये क्षेत्र परियोजना के काफी नजदीक हैं और यहां आसानी से पानी पहुंचाया जा सकता था। इसके बावजूद इन्हें योजना में शामिल नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि बड़े सिंचाई प्रोजेक्ट नहीं होने के कारण क्षेत्र के किसान हर वर्ष पानी की कमी से जूझते हैं। किसान मुख्य रूप से खरीफ की फसल पर निर्भर हैं, जबकि रबी की खेती के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध नहीं हो पाता।

विक्रांत भूरिया ने इन क्षेत्रों को नर्मदा सिंचाई परियोजना से जोड़ने के लिए अलग कार्ययोजना तैयार करने की मांग की, ताकि आदिवासी किसानों को सिंचाई सुविधा मिल सके और उनकी आय में वृद्धि हो। पदयात्रा में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष कैलाश डामोर, विधायक प्रतिनिधि रमेश मेड़ा, शहर कांग्रेस अध्यक्ष दिनेश गाहरी, सुरेश समीर, देवलसिंह परमार और राजेश भूरिया सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता, पंच एवं सरपंच शामिल रहे।

नर्मदा माइक्रो उद्वहन सिंचाई योजना के तहत झाबुआ जिले के छह ब्लॉकों के 194 गांवों की 32 हजार हेक्टेयर से अधिक कृषि भूमि को सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध कराया जाना है। परियोजना के तहत 15 नवंबर से जिले के इन गांवों में सिंचाई के लिए पानी पहुंचना था। हालांकि, धार जिले में रास्ते में किसानों द्वारा सिंचाई पाइपों के वाल्व खोलकर पानी लिए जाने के कारण अभी तक झाबुआ जिले में नर्मदा का पानी नहीं पहुंच सका है।

Next Post

अपराधियों पर शिकंजा कसने रातभर सड़कों पर उतरी झाबुआ पुलिस, जिलेभर में चला व्यापक कॉम्बिंग गश्त अभियान

Fri Nov 20 , 2026
पेटलावद. जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने, फरार अपराधियों की धरपकड़ करने तथा असामाजिक एवं आपराधिक तत्वों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक झाबुआ श्री देवेंद्र पाटीदार के निर्देशन में झाबुआ पुलिस द्वारा जिलेभर में रात्रिकालीन विशेष कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाया गया। पूरी रात चले […]

You May Like