भोपाल में कांग्रेस के संविधान रक्षा मार्च की रणनीति बदली… 26 नवंबर को राजधानी में प्रस्तावित मार्च अब जबलपुर में होगा। लेकिन भोपाल में कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन और भी बड़ा होने जा रहा है।
दरअसल, भोपाल पुलिस कमिश्नर के धरना-प्रदर्शन और रैलियों पर प्रतिबंधात्मक आदेश के बाद कांग्रेस ने कार्यक्रम का स्थान बदलने का फैसला किया है। इस मुद्दे पर सियासी घमासान के बीच अब कांग्रेस ने 12 दिसंबर को भोपाल में INDIA गठबंधन की मेगा रैली की तैयारी की है।
बता दें कि कांग्रेस के साथ गठबंधन के तमाम घटक दल एक मंच पर नजर आएंगे। रैली में राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे, प्रियंका गांधी और अखिलेश यादव समेत कई बड़े राष्ट्रीय नेताओं के शामिल होने की संभावना है। कार्यक्रम में वोट रक्षक मार्च के साथ विशाल आमसभा भी होगी।
यानी 26 नवंबर का संविधान रक्षा मार्च जबलपुर में और 12 दिसंबर को भोपाल में INDIA गठबंधन का शक्ति प्रदर्शन… अब देखना होगा कि कांग्रेस की इस नई रणनीति से प्रदेश की सियासत में कितना उबाल आता है।
