वाशिंगटन, 20 नवंबर (वार्ता) अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि अमेरिकी हमलों से अपने परमाणु कार्यक्रम को नुकसान पहुंचने के बाद ईरान अब रासायनिक या जैविक हथियार विकसित करने की दिशा में आगे बढ़ सकता है।
एक साक्षात्कार में श्री ट्रंप ने दावा किया कि ऐसे संकेत हैं कि परमाणु क्षमता हासिल करने की कोशिशों को अमेरिका द्वारा रोके जाने के बाद ईरान अब अपना ध्यान रासायनिक और जैविक हथियारों की ओर केंद्रित कर रहा है।
श्री ट्रंप ने फॉक्स न्यूज के एक रिपोर्टर से कहा, “वे गैसों और जैविक हथियारों पर विचार कर रहे हैं क्योंकि हमने परमाणु हथियारों के मामले में उनके रास्ते बंद कर दिये हैं।”
श्री ट्रंप ने यह भी दावा किया कि ईरान को उसके परमाणु इरादों को पूरा करने से रोक दिया गया है। उन्होंने कहा, “हमने उनके रास्ते बंद कर दिए हैं।” उन्होंने ईरान की भविष्य की गतिविधियों का जिक्र करते हुए कहा, “देखते हैं पहली जनवरी के बाद क्या होता है।” उन्होंने इसके साथ ही ईरानियों को ‘बहुत बुरे लोग’ के रूप में संबोधित किया।
उनके ये बयान तब आये हैं जब अमेरिकी मीडिया, विशेष रूप से सीएनएन ने अमेरिकी खुफिया आकलन का हवाला देते हुए रिपोर्ट दी है कि ईरान वाशिंगटन डीसी में ट्रंप प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों को रासायनिक हथियारों से निशाना बनाने की योजना बना रहा हो सकता है।
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने ईरान द्वारा संभावित हमले की चिंताओं को दूर करने की कोशिश करते हुए कहा कि देश को फिलहाल किसी तत्काल खतरे का सामना नहीं करना पड़ रहा है। गृह सुरक्षा सचिव मार्कवेन मुलिन ने भी कहा कि किसी हमले के होने का कोई संकेत नहीं है।
श्री ट्रंप ने हालांकि अमेरिकी धरती पर हमले की संभावना को पूरी तरह से खारिज नहीं किया। जब उनसे पूछा गया कि क्या वाशिंगटन के लोगों को चिंतित होना चाहिए, तो उन्होंने कहा कि उन्हें नहीं लगता कि कोई हमला होने वाला है लेकिन चेतावनी दी कि अगर ऐसा कुछ होता है, तो इसका बहुत कड़ा जवाब दिया जायेगा। उन्होंने कहा, “अगर ऐसा होता है, तो हम उनका नामोनिशान मिटा देंगे।” इस बीच ईरान के विदेश मंत्रालय ने श्री ट्रंप के आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है।
ईरान ने वाशिंगटन पर आरोप लगाया कि वह ‘बड़े पैमाने पर तबाही मचाने वाले हथियारों’ के बारे में झूठे दावे करने की अपनी पुरानी आदत दोहरा रहा है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बकाई ने इन आरोपों की तुलना 2003 में इराक पर हमले से पहले पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति जॉर्ज डब्ल्यू. बुश के प्रशासन द्वारा किए गए दावों से की है। उस समय तत्कालीन विदेश मंत्री कॉलिन पॉवेल ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के सामने इराक के ‘जनसंहार के हथियारों’ के कार्यक्रम के सबूत पेश करने का दावा किया था।
श्री बकाई ने सोशल मीडिया पर कहा, “ईरानी परमाणु खतरे के बड़े विचार के बाद अब अमेरिकी अधिकारी दावा कर रहे हैं कि ऐसे संकेत हैं कि ईरान जैविक या रासायनिक हथियार विकसित कर रहा है!” उन्होंने कहा, “आरोप तो बदलते रहते हैं लेकिन इनके पीछे का विचार वही पुराना और जाना-पहचाना है। ऐसा लगता है कि दुनिया से एक बार फिर यह उम्मीद की जा रही है कि वह सब कुछ भूल जाए।”
यह सवाल उठाते हुए कि क्या अमेरिकी अधिकारी यह उम्मीद करते हैं कि अंतरराष्ट्रीय समुदाय इराक युद्ध को भूल जायेगा, श्री बकाई ने 2003 में संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के सामने श्री कॉलिन पॉवेल की प्रस्तुति को याद किया।
उन्होंने कहा, “क्या अमेरिकी अधिकारियों को सच में लगता है कि दुनिया 2003 में संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के सामने कॉलिन पॉवेल की उस कुख्यात घटना को भूल जायेगी, जब उन्होंने इराक के जनसंहार के हथियारों से जुड़े खतरे को दिखाने के लिए एक छोटी शीशी हवा में लहराई थी?”
श्री बकाई ने कहा, “वह पल आधुनिक इतिहास की सबसे बड़ी खुफिया विफलताओं और राजनीतिक धोखों में से एक का स्थायी प्रतीक बन गया है।”
उन्होंने कहा कि ये नये आरोप भी उसी ‘धोखे वाली पटकथा’ का हिस्सा लगते हैं।
इससे पहले ईरान ने गुरुवार को दावा किया कि इस जलडमरूमध्य में दो और तेल टैंकर समुद्री बारूदी सुरंगों से टकरा गये, जिससे उनमें आग लग गयी। संयुक्त अरब अमीरात की सरकारी तेल कंपनी ने हालांकि पुष्टि की कि उनके एक जहाज पर किसी वस्तु के टकराने के बाद चालक दल का एक सदस्य लापता हो गया है। बहरीन और कुवैत ने भी कहा कि उन्होंने होर्मुज जलडमरूमध्य में ईरान के केशम द्वीप पर अमेरिकी हमलों के बाद ईरान की ओर से दागे गये हथियारों को बीच में ही रोक दिया।

