सतना: छोटे ट्रक में 34 मवेशियों को ठूंस ठूंस कर भरने के बाद कसाईघर में वध के लिए ले जाया जा रहा था। लेकिन कंट्रोल रूम से मिली सूचना पर मैहर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए न सिर्फ बेजुबानों को वध से बचा लिया। बल्कि पशु तस्करी में लिप्त तीन आरोपियों को भी दबोच लिया गया। मैहर जिले के थाना ताला से प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार को रात्रि लगभग 02.30 बजे कंट्रोल रूम मैहर से सूचना प्राप्त हुई कि एक टाटा DCM ट्रक क्रमांक MP 53 GA 4361 में भैंस एवं पड़वा को क्रूरतापूर्वक लोड कर गोविन्दगढ़ की ओर से बेला की ओर ले जाया जा रहा है।
सूचना पर उप निरीक्षक नागेश्वर प्रसाद मिश्रा, चौकी प्रभारी मुकुन्दपुर द्वारा हमराह स्टाफ के साथ गुजरा टोल प्लाजा के पास नाकाबंदी कर उक्त ट्रक को रोका गया। ट्रक रुकते ही चालक एवं उसका साथी वाहन को छोड़कर भागने का प्रयास करने लगे, जिन्हें घेराबंदी कर अभिरक्षा में लिया गया। पूछताछ में चालक ने अपना नाम अल्ताफ खान पिता मदीना खान, उम्र 35 वर्ष, तथा दूसरे व्यक्ति ने अपना नाम इलताक खान पिता जिमी खान, उम्र 28 वर्ष, दोनों निवासी ग्राम छवारी, थाना मझौली, जिला सीधी बताया।
गवाहों की उपस्थिति में ट्रक की तलाशी लेने पर उसमें 28 नग पड़वा (भैंसा) एवं 06 नग भैंस, कुल 34 नग मवेशी, दो तलों में ठूंस-ठूंसकर अत्यंत क्रूरतापूर्वक भरे हुए पाए गए। पूछताछ के दौरान यह तथ्य सामने आया कि वाहन स्वामी एवं मवेशी व्यापारी मुबारक खान पिता शरीफ खान, निवासी ग्राम छवारी, थाना मझौली, जिला सीधी द्वारा मवेशियों को कसाईघरों में वध कराने के उद्देश्य से अवैध रूप से परिवहन किया जा रहा था।जिसे देखते हुए पशुओं के प्रति क्रूरता का निवारण अधिनियम, मध्यप्रदेश कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम एवं मोटर व्हीकल एक्ट के तहत दण्डनीय अपराध पाए जाने पर ट्रक एवं मवेशियों को जप्त कर आरोपियों के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
