दिव्यांग व्यक्तियों के लिए कौशल प्रशिक्षण में उनकी पसंद के काम का विशेष ध्यान रखने की आवश्यकता’

नयी दिल्ली, 20 नवंबर (वार्ता) कौशल विकास और उद्यमिता मंत्रालय ( एमएसडीई) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा है कि एक समावेशी कौशल विकास पारिस्थितिकी तंत्र में शिक्षार्थियों की विविधता और उनकी आकांक्षाओं के समान महत्व को पहचाना जाना चाहिए।
मंत्रालय में अपर सचिव निरंजन कुमार सुधांशु ने कहा कि दिव्यांग व्यक्तियों के लिए, प्रशिक्षण तक पहुँच का अर्थ यह होना चाहिए कि वे अपनी पसंद का काम चुन सकें, अपनी क्षमता दिखा सकें और कार्यक्षेत्र में आगे बढ़ सकें। वह कौशल विकास और उद्यमिता मंत्रालय (एमएसडीई) की ओर से दिव्यांग व्यक्तियों के अधिकारों पर संयुक्त राष्ट्र की विशेष स्वतंत्र प्रतिनिधि हेबा हैग्रास के साथ आयोजित एक संवाद कार्यक्रम में बोल रहे थे।
उन्होंने गुरुवार को आयोजित इस कार्यक्रम में कहा, ” हमारा प्रयास यह है कि कौशल विकास की पूरी यात्रा में ‘सुलभता’ को शामिल किया जाए और सीखने की प्रक्रिया तथा आजीविका के बीच संबंध को मजबूत बनाया जाए। हमारी प्रगति का पैमाना यह होना चाहिए कि लोग किन अवसरों का लाभ उठा पा रहे हैं और वे कितनी आर्थिक स्वतंत्रता हासिल कर पा रहे हैं।”
इस संवाद का उद्देश्य कौशल विकास में दिव्यांगों का समावेश मजबूत करना और उनके लिए रोजगार तथा उद्यमिता के अवसर बढ़ाना था। यह संवाद भारत में विशेष प्रतिवेदक की आधिकारिक यात्रा का हिस्सा था।
इस अवसर पर सुश्री हेबा हैग्रास ने कहा, “काम करने का अधिकार तब शुरू होता है, जब किसी व्यक्ति के पास सीखने, चुनने और भागीदारी करने का वास्तविक अवसर हो। समावेशी व्यावसायिक प्रशिक्षण ऐसा होना चाहिए जो दिव्यांग व्यक्तियों को बदलती अर्थव्यवस्था में मिलने वाले सभी तरह के अवसरों के लिए तैयार करे। इसके डिजाइन में ही सुलभता और जरूरी सुविधाओं का ध्यान रखा जाना चाहिए। इस प्रक्रिया में दिव्यांग व्यक्तियों और उनके प्रतिनिधि संगठनों की सार्थक भागीदारी बहुत जरूरी है। उनके अनुभव और विशेषज्ञता से संस्थानों को अपनी प्रतिबद्धताओं को ऐसे व्यावहारिक बदलावों में बदलने में सहायता मिल सकती है, जो समानता और स्वतंत्रता को बढ़ावा दें।”
इस चर्चा में सुलभ प्रशिक्षण बुनियादी ढांचे, डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म, शिक्षण सामग्री और मूल्यांकन प्रक्रियाओं के महत्व पर जोर दिया गया। अलग-अलग तरह की दिव्यांगता वाले शिक्षार्थियों को समान आधार पर शामिल करने के लिए ‘उचित समायोजन’ सहायक तकनीकों और प्रशिक्षकों तथा मूल्यांकनकर्ताओं की क्षमता को महत्वपूर्ण माना गया।

.....

Next Post

सीधी भीषण सड़क हादसा: तेज रफ्तार बल्कर ने बाइक सवार युवक को रौंदा, मौके पर ही दर्दनाक मौत

Fri Nov 20 , 2026
सीधी। कोतवाली सीधी थाना क्षेत्र अंतर्गत सीधी-सिंगरौली राष्ट्रीय राजमार्ग NH-39 पडैनिया में शुक्रवार दोपहर एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार और लापरवाही पूर्वक चलाए जा रहे एक बल्कर की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मिली […]

You May Like