सीधी भीषण सड़क हादसा: तेज रफ्तार बल्कर ने बाइक सवार युवक को रौंदा, मौके पर ही दर्दनाक मौत

सीधी। कोतवाली सीधी थाना क्षेत्र अंतर्गत सीधी-सिंगरौली राष्ट्रीय राजमार्ग NH-39 पडैनिया में शुक्रवार दोपहर एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार और लापरवाही पूर्वक चलाए जा रहे एक बल्कर की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान कोतवाली थाना अंतर्गत ग्राम गाड़ा लोलर सिंह निवासी रजनीश तिवारी पिता स्व. छोटेराम तिवारी, उम्र 38 वर्ष के रूप में हुई है। घटना आज शुक्रवार 20 नवंबर को दोपहर करीब 2:30 बजे की है। रजनीश तिवारी सीधी के अस्पताल तिराहा की ओर से अपने गांव जा रहे थे। इसी दौरान पडैनिया स्थित अमरप्रेम पैलेस के आगे, फत्तेसिंह मार्ग के सामने आदर्श कॉलोनी मोड़ के पास पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे बल्कर चालक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से रजनीश सड़क पर गिर पड़े और बल्कर का चक्का उनके ऊपर से निकल गया, जिससे उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

हादसे के तुरंत बाद आरोपी चालक ने बल्कर लेकर भागने का प्रयास किया, लेकिन मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों की तत्परता से वाहन को कुछ ही दूरी पर रोक लिया गया। हालांकि, मौके पर जमा भीड़ का फायदा उठाकर आरोपी चालक भाग खड़ा हुआ।

घटना के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई, जिससे कुछ देर के लिए आवागमन भी प्रभावित रहा। सूचना मिलते ही कोतवाली सीधी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने बल्कर को कब्जे में लेकर मर्ग कायम कर लिया है तथा फरार चालक की तलाश और मामले की विवेचना शुरू कर दी है।

Next Post

8 बसों में आग लगने के बाद जागा प्रशासन, ISBT पर 32 बसों की जांच; 5 बसों से वसूले 3.28 लाख रुपये

Fri Nov 20 , 2026
भोपाल। ISBT पर हाल ही में 8 बसों में आग लगने की घटना के बाद परिवहन विभाग ने यात्री सुरक्षा को लेकर सख्ती शुरू कर दी है। इसी के तहत गुरुवार को परिवहन आयुक्त के निर्देश पर क्षेत्रीय परिवहन स्क्वॉड ने ISBT पर औचक जांच अभियान चलाया। इस दौरान कुल […]

You May Like