सीधी में जमीन के लिए कत्ल: चचेरे भाई ने कुल्हाड़ी से उतारा मौत के घाट

मड़वास (सीधी)। जिले के मड़वास थाना क्षेत्र अंतर्गत धानिगवा पश्चिम टोला में शुक्रवार सुबह पुराने जमीनी विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। महज 10 डिसमिल जमीन के लिए एक युवक ने अपने ही चचेरे भाई की कुल्हाड़ी से हमला कर निर्मम हत्या कर दी। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से पूरे गांव में दहशत और सनसनी फैल गई है, वहीं मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस सूत्रों से जानकारी के अनुसार, धानिगवा पश्चिम टोला निवासी सीता गुप्ता (50 वर्ष) और उनके रिश्ते के चचेरे भाई रामनिवास गुप्ता (48 वर्ष) के बीच सड़क किनारे की करीब 10 डिसमिल जमीन को लेकर पिछले कई वर्षों से विवाद चल रहा था। यह मामला मड़वास तहसील न्यायालय में भी विचाराधीन था। बावजूद इसके, दोनों पक्षों के बीच तनाव कम नहीं हुआ और शुक्रवार सुबह करीब 7:30 बजे इसी जमीन को लेकर दोनों में फिर से कहा-सुनी शुरू हो गई।

विवाद बढ़ने पर किया कुल्हाड़ी से हमला

प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों के मुताबिक, विवाद इतना बढ़ गया कि आवेश में आकर रामनिवास गुप्ता ने कुल्हाड़ी से सीता गुप्ता पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण सीता गुप्ता ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद गांव में हड़कंप मच गया।

मौके पर पहुंची पुलिस और एफएसएल टीम

घटना की सूचना मिलते ही मड़वास थाना प्रभारी भूपेश बैस ने तत्काल पथरौला चौकी पुलिस को मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए। पुलिस टीम ने घटनास्थल का मुआयना कर शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया। मड़वास पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

Next Post

खून वाले पत्र ने कुलगुरू की बढ़ाई मुसीबत

Fri Nov 20 , 2026
महाकौशल की डायरी  अविनाश दीक्षित   जबलपुर स्थित रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय प्रशासन ने ये कभी नहीं सोचा होगा कि स्थानीय विवादों के कारण कुलगुरू को हटाने की मांग राष्ट्रीय स्तर तक जा पहुंचेगी। हुआ यूं कि विश्वविद्यालय के शैक्षणेत्तर कर्मचारी संघ द्वारा खून से हस्ताक्षर कर प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) को […]

You May Like