संयुक्त कलेक्टर ने दिव्यांग मेडिकल बोर्ड का निरीक्षण किया, दिव्यांगजनों को समय पर प्रमाण-पत्र एवं यूडीआईडी कार्ड उपलब्ध कराने के निर्देश

ग्वालियर। संयुक्त कलेक्टर एवं प्रभारी संयुक्त संचालक शिवांगी अग्रवाल ने जिला दिव्यांग मेडिकल बोर्ड का निरीक्षण किया। वे निरीक्षण के लिए पहुंचीं तो कई चिकित्सक वहां मौजूद नहीं थे जबकि दिव्यांगजन वहां लाइन में उनका इन्तजार कर रह थे , इस लापरवाही पर उन्होंने नाराजगी जताई और भविष्य में समय पर मौजूद रहने के निर्देश दिए।
संयुक्त कलेक्टर ने दिव्यांगजनों को बिना किसी परेशानी के समय पर प्रमाण पत्र एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने दिव्यांग प्रमाण पत्र, यूडीआईडी कार्ड एवं रेलवे रियायत प्राधिकार पत्र बनवाने आए हितग्राहियों से सीधे चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने स्टाफ को निर्देश दिए कि दिव्यांगजनों के कार्यों में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी या व्यवधान न हो। सिविल सर्जन कार्यालय के उपस्थित कर्मचारियों को भी दिव्यांगजनों के कार्य प्राथमिकता से करने के निर्देश दिए।
संयुक्त कलेक्टर अग्रवाल ने जिला दिव्यांग पुनर्वास केन्द्र में ऑनलाइन पंजीकरण एवं रेलवे रियायत कार्ड बनाने की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही मेडिकल बोर्ड के संचालन दिवसों में दिव्यांग प्रमाण पत्र एवं यूडीआईडी कार्ड बनाने का कार्य सुचारू रूप से संचालित करने के लिए सिविल सर्जन कार्यालय से एक अतिरिक्त कंप्यूटर ऑपरेटर की पदस्थापना हेतु तत्काल पत्राचार करने के लिए कहा।
बोर्ड स्टाफ को दिए ये निर्देश
शिवांगी अग्रवाल ने स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्मित यूडीआईडी कार्डों का वितरण अनिवार्य रूप से जिला दिव्यांग पुनर्वास केन्द्र के माध्यम से ही किया जाए। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारी गिरीश कुमार पाल को केन्द्र परिसर में दिव्यांगजनों की सुविधा एवं मार्गदर्शन के लिए उचित स्थानों पर स्पष्ट सूचना पट्टिकाएं लगवाने के निर्देश भी दिए।

Next Post

केरलम में पल्स पोलियो अभियान 22 नवंबर को

Fri Nov 20 , 2026
तिरुवनंतपुरम, 20 नवंबर (वार्ता) केरलम में 22 नवंबर को 10 जिलों में पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान का आयोजन किया जाएगा , जिसके तहत पांच वर्ष से कम आयु के 12,92,421 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। प्रदेश के स्वास्थ्य और देवस्वोम मंत्री के. मुरलीधरन ने यह जानकारी दी है। […]

You May Like