अरविंदो अस्पताल के कार्यक्रम में मधुमक्खियों का हमला, 20 छात्र घायल; 9 आईसीयू में भर्ती

इंदौर। अरविंदो अस्पताल गुरुवार को चल रहे मेडिकल विद्यार्थियों के वार्षिक उत्सव के दौरान अचानक मधुमक्खियों के हमले से अफरा तफरी मच गई. जान बचाने के लिए विद्यार्थी इधर उधर भागने लगे. किसी ने सिर पर कपड़ा डालकर बचने की कोशिश की तो कई कार्यक्रम स्थल के कोनों में छिप गए. घटना में करीब 20 विद्यार्थियों के घायल होने की जानकारी सामने आई है. सूत्रों के मुताबिक, इनमें से 9 को आईसीयू में भर्ती कराया, जबकि अस्पताल प्रबंधन ने गंभीर स्थिति से इनकार कर दिया है.

अरविंदो यूनिवर्सिटी में गुरुवार को वार्षिक उत्सव ‘हार्मोनी’ का उद्घाटन कार्यक्रम चल रहा था. इसमें करीब 250 विद्यार्थी शामिल थे. इसी दौरान उद्घाटन के समय फुलझड़ी जैसी आतिशबाजी से निकला धुआं दूसरी मंजिल पर लगे मधुमक्खियों के छत्ते तक पहुंच गया. इसके बाद बड़ी संख्या में मधुमक्खियां उड़कर कार्यक्रम स्थल पर पहुंचीं और विद्यार्थियों पर हमला कर दिया. अचानक हुए हमले से वहां भगदड़ जैसे हालात बन गए. घटना के वीडियो भी सामने आए हैं. इनमें विद्यार्थी मधुमक्खियों से बचने के लिए इधर उधर भागते नजर आ रहे हैं. कुछ ने सिर पर चुन्नी और कपड़ा डालकर खुद को बचाने की कोशिश की, जबकि कई कार्यक्रम स्थल के कोनों में छिप गए. सूत्रों के मुताबिक, घायल विद्यार्थियों के सिर, चेहरे, हाथ और गर्दन सहित शरीर के अलग अलग हिस्सों में डंक लगे, उन्हें अस्पताल पहुंचाकर इंजेक्शन लगाए गए.

प्रबंधन ने गंभीर स्थिति से किया इनकार…

अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान फुलझड़ी जैसी चीज से धुआं निकला था, जो दूसरी मंजिल पर लगे मधुमक्खियों के छत्ते तक पहुंच गया. इससे मधुमक्खियां उड़कर विद्यार्थियों के बीच पहुंचीं और करीब 20 से 22 विद्यार्थियों को मामूली डंक लगे. राजीव सिंह ने नव भारत को बताया कि सभी को आइस पैक लगाया और वे आधे घंटे बाद ठीक होकर वापस कार्यक्रम में शामिल हो गए. उन्होंने किसी भी विद्यार्थियों के आईसीयू में भर्ती होने की बात से भी इनकार किया है.

 

 

You May Like