
नीमच। सोने-चांदी की रिकॉर्ड तेजी ने जिस सराफा बाजार में ग्राहकों के कदम रोक दिए थे, अब कीमतों में आई बड़ी गिरावट ने वहां फिर रौनक लौटा दी है। शादी-ब्याह के सीजन और घटे हुए भावों ने नीमच में खरीदारों का भरोसा बढ़ाया है। लंबे समय से खरीदारी टाल रहे परिवार अब बजट के भीतर गहने खरीदने बाजार पहुंच रहे हैं। नीमच में सराफा बाजार के व्यापारियों के अनुसार ग्राहकी में करीब 30 प्रतिशत तक उछाल आया है, जबकि लगभग 25 प्रतिशत ग्राहकों ने शादी के लिए आभूषणों की एडवांस बुकिंग करा ली है।
चांदी के भाव ढाई लाख रुपए से अधिक के स्तर से गिरकर करीब 1.63 से 1.65 लाख रुपए और सोना करीब 1.31 से 1.33 लाख रुपए के आसपास पहुंचने से ग्राहकों को बड़ी राहत मिली है। हालांकि लगातार गिरते भावों के चलते कुछ खरीदार अभी और मंदी के इंतजार में हैं, लेकिन व्यापारियों का मानना है कि मौजूदा कीमतों ने खरीदारी का अच्छा अवसर दिया है।
इस बार शादी-ब्याह की खरीदी में 22 कैरेट हॉलमार्क ज्वेलरी का दबदबा बरकरार है, वहीं बजट और बदलते फैशन के चलते लाइटवेट, फैंसी और रेडीमेड डिजाइन के गहनों की मांग बढ़ी है। 18 कैरेट की आधुनिक ज्वेलरी भी ग्राहकों को आकर्षित कर रही है। सराफा व्यापारियों ने ग्राहकों से ॥ढ्ढष्ठ हॉलमार्क और पक्के बिल के साथ ही आभूषण खरीदने की अपील की है।
सराफा एसोसिएशन सचिव सौरभ विरानी, व्यापारी नवीन गोयल और रोहित सराफ के मुताबिक मौजूदा भाव ग्राहकों के लिए अनुकूल हैं। वहीं एसोसिएशन अध्यक्ष राजेंद्र गोयल राजू सर्राफ का कहना है कि कीमतें अब काफी नीचे आ चुकी हैं। पहले जिन परिवारों के लिए सोना खरीदना मुश्किल हो गया था, उनकी खरीद क्षमता फिर बढ़ी है। आगामी दिनों में वैवाहिक सीजन के चलते बाजार में और तेजी आने की उम्मीद है।
कुल मिलाकर इस बार सराफा बाजार की तस्वीर बदली हुई है। ऊंचे भावों ने जहां ग्राहकों को बाजार से दूर कर दिया था, वहीं कीमतों में गिरावट और शादियों की जरूरत ने उन्हें फिर दुकानों तक पहुंचा दिया है।
