
ग्वालियर। देशभर के युवा विचारकों, लेखकों, कलाकारों और प्रतिभाओं के वैचारिक मंथन का राष्ट्रीय मंच बनने जा रहा है ग्वालियर शहर जो कल 20 नवंबर से तीन दिवसीय ‘यंग थिंकर्स कॉन्फ्लुएंस 2026’ की मेजबानी करेगा। यंग थिंकर्स फोरम के आठवें संस्करण का उद्घाटन मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव करेंगे। इस वर्ष सम्मेलन की थीम ‘री-अवेकनिंग भारतवर्ष’ रखी गई है।
शहर के एलेनयूपीई परिसर में आयोजित इस सम्मेलन में देश के 26 राज्यों से चयनित लगभग 300 युवा शामिल होंगे। आयोजन में भारतीय ज्ञान परंपरा, इतिहास, अध्यात्म, विज्ञान और वैश्विक राजनीतिक परिस्थितियों सहित विभिन्न समसामयिक विषयों पर चर्चा होगी।
सम्मेलन में पद्मश्री डॉ. भरत गुप्त, पद्मश्री पीयूष मिश्रा, प्रोफेसर गौरी माहुलीकर, पंकज सक्सेना सहित देश के 16 प्रतिष्ठित वक्ता युवाओं से संवाद करेंगे। दूसरे दिन केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया युवाओं के साथ चर्चा करेंगे, जबकि समापन सत्र में उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार शामिल होंगे।
तीन दिवसीय आयोजन में कुल 11 सत्र होंगे। इसके साथ पुस्तक विमोचन, पुस्तक प्रदर्शनी, युवा कलाकारों के लिए टैलेंट हंट और एआई, डिजिटल नैरेटिव तथा भारतीय मंदिर स्थापत्य जैसे विषयों पर कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी।
आयोजन के चौथे दिन 23 नवंबर को प्रतिभागियों के लिए बटेश्वर, मितावली और पड़ावली के ऐतिहासिक स्थलों पर हैरिटेज वॉक आयोजित होगी।
यंग थिंकर्स फोरम की स्थापना वर्ष 2018 में भोपाल में हुई थी। सम्मेलन का उद्घाटन सत्र आम नागरिकों के लिए खुला रहेगा, जबकि अन्य सत्रों में चयनित प्रतिभागी ही शामिल हो सकेंगे।
