
इंदौर. शहर में पुलिस अधिकारियों के कामकाज का मासिक मूल्यांकन कर जारी की गई अक्टूबर की रैंकिंग में एसीपी गांधी नगर ने पहला स्थान हासिल किया है. वहीं एसीपी अन्नपूर्णा दूसरे और एसीपी हीरानगर तीसरे स्थान पर रहे. दूसरी ओर निर्धारित मापदंडों पर सबसे कमजोर प्रदर्शन के चलते एसीपी संयोगितागंज रैंकिंग में अंतिम स्थान पर रहे.
पुलिस कमिश्नरेट में पुलिसिंग की गुणवत्ता सुधारने और अधिकारियों की जवाबदेही तय करने के लिए सभी 12 अनुभागों में पदस्थ सहायक पुलिस आयुक्तों के कामकाज का हर महीने मूल्यांकन किया जाता है. इसके लिए अपराध नियंत्रण, कानून व्यवस्था और पुलिसिंग से जुड़े निर्धारित मापदंडों के आधार पर अधिकारियों के प्रदर्शन की समीक्षा की जाती है. अक्टूबर 2026 की रैंकिंग में जोन 1 के गांधी नगर अनुभाग ने बाजी मारी. इसके बाद जोन 4 के अन्नपूर्णा अनुभाग को दूसरा और जोन 3 के हीरानगर अनुभाग को तीसरा स्थान मिला. वहीं जोन 3 का संयोगितागंज अनुभाग सबसे निचले पायदान पर रहा. पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह के निर्देशन में शुरू की गई इस व्यवस्था का उद्देश्य अधिकारियों के कामकाज में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ाना है. इसके जरिए पुलिसिंग में सुधार के साथ आम लोगों के बीच पुलिस के प्रति विश्वास मजबूत करने पर जोर दिया जा रहा है.
