एम्स दिल्ली, आईआईटी चेन्नई, आईआईएम अहमदाबाद देश के शीर्ष उच्च शिक्षा संस्थानों में

नयी दिल्ली, 04 सितंबर (वार्ता) दिल्ली का अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) , भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान, जामिया हमदर्द तथा हिंदू कॉलेज और भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) मद्रास उच्च शिक्षा संस्थानों की भारत रैंकिंग 2025 में अपने-अपने वर्ग में शीर्ष स्थान पर हैं।

रेंकिंग रिपोर्ट केंद्रीश शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने गुरुवार को राजधानी में जारी की । यह रिपोर्ट 2015 से जारी की जा रही है और इसे राष्ट्रीय संस्थागत रैंकिंग फ्रेमवर्क (एनआईआरएफ) के आधार पर तैयार किया जाता है।

श्री प्रधान ने इस अवसर कहा कि एनआईआरएफ 2025 रैंकिंग हमारे संस्थानों की मजबूती और छात्रों की प्रतिभा को दर्शाती है। शिक्षा मंत्री एनआईआरएफ के राष्ट्रीय मानक बनने पर प्रसन्नता व्यक्त की।

कार्यक्रम में उत्तर पूर्व क्षेत्र विकास राज्य मंत्री सुकांत मजूमदार, सचिव (उच्च शिक्षा) डॉ. विनीत जोशी, एआईसीटीई के अध्यक्ष प्रो. टीजी सीताराम, एनईटीएफ, एनएएसी और एनबीए के अध्यक्ष प्रो. अनिल सहस्रबुद्धे और एनबीए के सदस्य सचिव डॉ. अनिल कुमार नासा सहित उच्च शिक्षा संस्थानों के कुलपति और निदेशक उपस्थित थे।

भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) मद्रास ने लगातार सातवें वर्ष समग्र श्रेणी में पहले स्थान पर बना रहा। इंजीनियरिंग संस्थान में यह लगातार दसवें वर्ष शीर्ष पर है। इसे नवाचार में भी श्रेणी इस वर्ष पहली बार शुरू की गई सतत विकास लक्ष्य (एसडीजी) श्रेणी में भी शीर्ष स्थान पर है।

समग्र श्रेणी में भारतीय विज्ञान संस्थान, बेंगलुरु लगातार दसवें वर्ष विश्वविद्यालयों की श्रेणी में शीर्ष पर है। यह लगातार पांचवें वर्ष अनुसंधान संस्थानों की श्रेणी में प्रथम स्थान पर रहा।

आईआईएम अहमदाबाद लगातार छठवें वर्ष पहला स्थान बरकरार रखते हुए प्रबंधन में शीर्ष स्थान पर रहा।

अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), नई दिल्ली लगातार आठवें वर्ष चिकित्सा क्षेत्र में शीर्ष स्थान पर है। इसके अलावा, एम्स समग्र श्रेणी में 8 वें स्थान पर है।

जामिया हमदर्द, नई दिल्ली लगातार दूसरे साल फार्मेसी रैंकिंग में शीर्ष पर है। जामिया हमदर्द को लगातार चार वर्षों, यानी 2019 से 2022 तक, प्रथम स्थान प्राप्त हुआ।

कॉलेज श्रेणी में हिंदू कॉलेज ने लगातार दूसरे वर्ष कॉलेजों में प्रथम स्थान प्राप्त किया, जिसने मिरांडा हाउस को प्रतिस्थापित किया। दिल्ली के कॉलेजों ने कॉलेजों की रैंकिंग में अपना प्रभुत्व बनाए रखा है तथा पहले 10 कॉलेजों में से छह कॉलेज दिल्ली के हैं।

आर्किटेक्चर और प्लानिंग में आईआईटी रुड़की लगातार अपने पांचवें स्थान को बरकरार रखा। जबकि नेशनल लॉ स्कूल ऑफ इंडिया यूनिवर्सिटी, बेंगलुरु ने लगातार आठवें वर्ष शीर्ष पर रहा।

अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), नई दिल्ली ने पहली बार दंत चिकित्सा विषय में शीर्ष स्थान प्राप्त किया है। इससे पहले सविता इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एंड टेक्निकल साइंसेज, चेन्नई पहले स्थान पर था।

इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू), नई दिल्ली लगातार दूसरे साल मुक्त विश्वविद्यालयों की श्रेणी में शीर्ष स्थान पर है। जादवपुर विश्वविद्यालय, कोलकाता राज्य सार्वजनिक विश्वविद्यालयों की श्रेणी में शीर्ष पर है, जिसे पहली बार 2024 में शुरू किया गया था। जबकि सिम्बायोसिस स्किल एंड प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (एसएसपीयू), पुणे लगातार दूसरे वर्ष शीर्ष पर रहा।

भारत रैंकिंग का पहला संस्करण 2016 में एक श्रेणी और तीन विषय क्षेत्रों अर्थात विश्वविद्यालय, इंजीनियरिंग, प्रबंधन और फार्मेसी में प्रारंभ किया गया था। 2017 से 2025 के दौरान इसमें नयी-नयी श्रेणियों और विषय क्षेत्रों को जोड़ा जाता रहा है।यह रैंकिंग अब 9 श्रेणियों और 8 विषय क्षेत्रों पर गौर करती है।

 

 

Next Post

सागर चौपाल के पेट्रोल पंप में लगी आग से अफरा तफरी

Thu Sep 4 , 2025
विदिशा। ढोलखेड़ी चौराहा स्थित सागर चौपाल के पास पेट्रोल पंप की मशीन में अचानक आग लग गई। जिसके कारण से वहां मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई। कर्मचारियों ने सूझबूझ दिखाते हुए पास में ही रखे अग्नि सामन यंत्र का उपयोग कर आग पर काबू पाने की कोशिश की। साथ […]

You May Like

मनोरंजन