
जबलपुर। कोतवाली थाना अंतर्गत चेरीताल हरदौल मंदिर के पास रहने वाला एक बालक बीती रात अचानक लापता हो गया। पहले तो परिजनों ने अपने स्तर पर उसकी खोजबीन की लेकिन जब उसका कहीं कोई सुराग नहीं लगा तो उन्होंने थाने पहुंचकर एफआईआर दर्ज कराई। शनिवार को पुलिस प्रकरण दर्ज कर पतासाजी में जुट गई इस बीच बालक देर शाम ग्वारीघाट में मिल गया।
कोतवाली थाना प्रभारी विपिन ताम्रकर ने बताया कि चेरीताल हरदौल मंदिर के पास रहने वाला 11 वर्षीय बालक बीती रात घर से खेलने के लिए निकला लेकिन वापिस नहीं लौटा। जिससे परिजन चिंतित हो गए। उन्होंने पहले पतासाजी की। रिश्तेदारों, दोस्तों के यहां पूछताछ की परंतु उसका पता नहीं चल सका। शनिवार को परिजन थाने पहुंचे और पुलिस को पूरे मामले से अवगत कराया। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज करते हुए पतासाजी शुरू की। शहर से लेकर ग्रामीण अंचल के थानों में सूचना दी गई जिसके बाद बच्चा शाम करीब 7:30 बजे मिल गया। जिसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। बच्चे के बयान होगे जिसके बाद पता चल सकेगा कि वे किन कारणों से ग्वारीघाट चला गया था।
