कानपुर। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक आज कानपुर पहुंचे, जहां उन्होंने आजम खान की रिहाई को लेकर विपक्षी दलों पर जमकर निशाना साधा। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि आजम खान हों या अन्य नेता, जिन्होंने भारत माता को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की और बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर को भू-माफिया कहा, उनकी मानसिकता भारतीय संस्कृति और देश की मूल विचारधारा के खिलाफ है।
बृजेश पाठक ने कहा कि उत्तर प्रदेश की धरती पर गुंडे और माफियाओं के लिए कोई जगह नहीं है। प्रदेश की जनता ऐसी राजनीति को नकार चुकी है। उन्होंने विपक्षी दलों पर हमला बोलते हुए कहा कि उनकी राजनीति अब उत्तर प्रदेश में सफल नहीं होने वाली है। जनता विकास, सुशासन और कानून का राज चाहती है। सरकार किसी भी कीमत पर गुंडागर्दी और माफियागिरी बर्दाश्त नहीं करेगी।
आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर डिप्टी सीएम ने बड़ा दावा करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी तीसरी बार भी प्रचंड बहुमत के साथ उत्तर प्रदेश में सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास भाजपा के साथ है और विपक्षी दलों की दाल प्रदेश में गलने वाली नहीं है। कानपुर में दिए गए इस बयान के बाद आजम खान और विपक्ष को लेकर प्रदेश की सियासत एक बार फिर गरमा सकती है।
