नयी दिल्ली, 19 नवंबर (वार्ता) वैज्ञानिक तथा औद्योगिक अनुसंधान परिषद (सीएसआईआर) ने घरेलू औद्योगिक इकाइयों को गुरुवार को अपने संस्थानों में विकसित कई तकनीकों के हस्तांतरण के समझौते किये जिनमें बिजली ट्रांसमिशन लाइन में खराबी दूर करने की माड्यूलर प्रणाली और, पुनर्चक्रित सामग्री से ईंट बनाने तथा सड़कों में इस्तेमाल डामर के दोबारा प्रयोग की तकनीक भी शामिल है। यहां सीएसआईआर पर आयोजित कार्यक्रम में प्रौद्योगिकी हस्तांतरण और समझौता ज्ञापन पर कंपनियों और सीएसआईआर की संबंधित प्रयोगशालाओं की ओर से हस्ताक्षर किये गये। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों का उद्येश्य स्वदेशी तकनीकों के व्यवसायीकरण और उनके उपयोग को गति देना है।
इस कार्यक्रम में कई स्वदेशी प्रौद्योगिकी सीएसआईआर-स्ट्रक्चरल इंजीनियरिंग रिसर्च सेंटर (सीएसआईआर-एसईआरसी), चेन्नई, सीएसआईआर-सेंट्रल रोड रिसर्च इंस्टीट्यूट (सीएसआईआर-सीआरआरआई), नई दिल्ली, सीएसआईआर-एडवांस्ड मैटेरियल्स एंड प्रोसेसेज रिसर्च इंस्टीट्यूट (सीएसआईआर-एम्प्री), भोपाल और सीएसआईआर-इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ पेट्रोलियम (सीएसआईआर-आईआईपी), देहरादून द्वारा विकसित किया गया था। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता वैज्ञानिक तथा औद्योगिक अनुसंधान विभाग की सचिव और सीएसआईआर महानिदेशक डॉ. एन. कलाईसेल्वी ने की।
स्वागत भाषण देते हुए सीएसआईआर-एसईआरसी की निदेशक डॉ. एन. आनंदवल्ली ने संरचनात्मक इंजीनियरिंग, अधोसंरचना की संरक्षा और दृढ़ता के क्षेत्र में प्रयोगशाला के दीर्घकालिक योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने उद्योग जगत के साथ साझेदारी के माध्यम से शोध परिणामों को व्यावहारिक समाधानों में बदलने के महत्व पर जोर दिया। विज्ञप्ति के अनुसार सीएसआईआर-एसईआरसी द्वारा विकसित आपातकालीन रिट्रीवल प्रणाली (ईआरएस) एक स्वदेशी, हल्की और मॉड्यूलर संरचनात्मक प्रणाली है। इसे बिजली की ट्रांसमिशन लाइनों में खराबी या रुकावट आने की स्थिति में उन्हें तेजी से बहाल करने के लिए डिजाइन किया गया है। इस तकनीक को मैसर्स आईएफएबी ग्लोबल को हस्तांतरित किया गया है, जिससे औद्योगिक स्तर पर इसके उपयोग की संभावनाएं और बढ़ गई हैं।
इसके अलावा सीएसआईआर-एसईआरसी ने ‘रीसाइकल्ड एग्रीगेट’ (पुनर्चक्रित सामग्री) पर आधारित पर्यावरण-अनुकूल ईंटों, खोखले ब्लॉक और पेवर ब्लॉक बनाने की तकनीक को ‘नेशनल ऑटोमोटिव टेस्ट ट्रैक्स’ (नैट्रेक्स) को हस्तांतरित किया। इन तकनीकों में 100 प्रतिशत रीसाइकल्ड सामग्री और औद्योगिक कचरे का उपयोग करके टिकाऊ निर्माण उत्पाद बनाए जाते हैं। नैट्रेक्स को प्रायौगिक स्तर पर उपयोग के लिए एक और तकनीक सौंपी गई, जो ‘ मजबूत कंक्रीट (यूएचपीसी ) पेवमेंट तकनीक’ है। इससे बनी सड़कों में रखरखाव की जरूरत भी कम होती है।
सीएसआईआर-सीआरआरआई के निदेशक डॉ. सीएच. रवि शेखर ने बताया कि सीएसआईआर-सीआरआरआई ने सीएसआईआर-एम्प्री और सीएसआईआर- आईआईपी के साथ मिलकर सड़क निर्माण के लिए टिकाऊ सामग्री और तकनीकें विकसित करने में सहयोग किया है। माइक्रो-री-एक्ट-आरएपी ट्रेड मार्क तकनीक एक टिकाऊ शीतल माइक्रो-सरफेसिंग समाधान है जिसमें 40 प्रतिशत तक रीक्लेम्ड डामर पेवमेंट का इस्तेमाल होता है। इसे तीन औद्योगिक साझेदारों को इनोवेटिव रोड्जटेक प्राइवेट लिमिटेड (दिल्ली), एवीके ब्लैकगोल्ड इंफ्रा प्राइवेट लिमिटेड (सूरत), और हिंदुस्तान कोलास प्राइवेट लिमिटेड मुंबई को सौंपा गया। यह तकनीक सड़क निर्माण में नई सामग्री और बिटुमेन इमल्शन की जरूरत को कम करती है, और सड़क निर्माण सामग्री के दोबारा इस्तेमाल को बढ़ावा देती है।
इस अवसर पर नयी ‘बायो-बिटुमेन’ तकनीक बिहार की आरएएसीएस सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड बिहार (बायोभूमि) और कोलकाता की एसएआर परिवहन प्राइवेट लिमिटेड को सौंपी गयी। इसे सीएसआईआर-सीआरआरआई और सीएसआईआर- आईआईपी के संयुक्त शोध से विकसित किया गया है। यह तकनीक कृषि अवशेषों (जैसे धान की पराली) को एक ऐसे बायोमास-आधारित पदार्थ में बदल देती है, जो पारंपरिक पेट्रोलियम-आधारित बिटुमेन की जगह आंशिक रूप से इस्तेमाल किया जा सकता है।
कार्यक्रम में सीएसआईआर-सीआरआरआई ने अनुसंधान, तकनीकी सहयोग और उद्योग के साथ जुड़ाव को मजबूत करने के लिए दो समझौता ज्ञापनों (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए। इनमें पहला समझौता भारी उद्योग मंत्रालय के राष्ट्रीय ऑटोमोटिव बोर्ड के अंतर्गत आने वाले ‘ग्लोबल ऑटोमोटिव रिसर्च सेंटर’ (जीएआरसी), तमिलनाडु के साथ किया गया। इसका उद्देश्य संयुक्त अनुसंधान और विकास, साझा परीक्षण सुविधाओं, तकनीकी परियोजनाओं, सेमिनारों और शैक्षणिक आदान-प्रदान के क्षेत्र में सहयोग करना है। जीएआरसी की ओर से इसके निदेशक डॉ. ए. एस. रामदास ने इस समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए। दूसरा समझौता ज्ञापन पटना की पारखी स्किल सिस्टम्स प्राइवेट लिमिटेड के साथ किया गया। यह समझौता ड्राइवरों के लिए जोखिम मूल्यांकन, संज्ञानात्मक और साइकोमोटर मूल्यांकन, फील्ड ट्रायल, शोध प्रकाशनों और संबंधित तकनीक को लागू करने के क्षेत्रों में संयुक्त अनुसंधान के लिए है।

