कटनी। कांग्रेस अब हर पोलिंग बूथ पर ‘वोट रक्षक’ तैनात करने जा रही है। इनकी जिम्मेदारी मतदाता सूची की निगरानी करना और यह सुनिश्चित करना होगा कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से गलत तरीके से नहीं हटाया जाए तथा बोगस मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल न हो सकें। यह बात पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरुण यादव ने गुरुवार रात कटनी प्रवास के दौरान पत्रकारों से चर्चा करते हुए कही।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के आह्वान पर कांग्रेस देशभर में ‘वोट बचाओ, लोकतंत्र बचाओ’ अभियान चला रही है। यादव ने आरोप लगाया कि देश के कई राज्यों में चुनावी गड़बड़ियों के जरिए सरकारें बनाई गई हैं। पश्चिम बंगाल इसका उदाहरण है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदाता सूची की पारदर्शिता और शुद्धता बेहद जरूरी है। इसी उद्देश्य से कांग्रेस प्रत्येक पोलिंग बूथ पर वोट रक्षक तैनात करेगी।
बरही अग्निकांड पर प्रशासन को घेरा, विधानसभा में मामला उठाएगी कांग्रेस
अरुण यादव ने बरही में हुए भीषण अग्निकांड में दो माह के मासूम सहित छह लोगों की जिंदा जलकर मौत की घटना पर जिला प्रशासन और प्रदेश सरकार को कठघरे में खड़ा किया। उन्होंने कहा कि इस हृदयविदारक घटना में जिला प्रशासन का रवैया बेहद गैरजिम्मेदाराना रहा है। घटना के बाद भी प्रदेश सरकार के स्तर पर जिम्मेदारों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
उन्होंने कहा कि आग को फैलने से रोकने के लिए आवश्यक इंतजाम करने में नगर परिषद और दमकल दस्ता नाकाम साबित हुए। यह बेहद शर्मनाक स्थिति है। उन्होंने हादसे के बाद जनप्रतिनिधियों की भूमिका पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि कांग्रेस इस गंभीर मामले को विधानसभा में उठाएगी और लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करेगी।
प्रदेश में माफिया राज, हर वर्ग परेशान
प्रदेश की राजनीतिक और कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश में माफिया राज चल रहा है। सागर में जहरीली शराब से हुई मौतों के बावजूद जिम्मेदारों की नींद नहीं टूटी। शराब माफिया, रेत माफिया और खनन माफिया के साथ भ्रष्टाचार भी चरम पर है। किसानों को खाद और बीज के लिए परेशान होना पड़ रहा है, वहीं रोजगार के अवसर लगातार सीमित होते जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में उद्योगों की स्थिति भी चिंताजनक है और उद्योगपति दूसरे राज्यों की ओर रुख करने लगे हैं। सरकार की नीतियों ने हर वर्ग को परेशानी में डाल दिया है। यादव ने दावा किया कि कांग्रेस पूरी तरह एकजुट है और मिशन-2028 की तैयारियों में जुट चुकी है।
अग्निकांड प्रभावित परिवार से मिले अरुण यादव
कटनी पहुंचने से पहले पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव बरही पहुंचे, जहां उन्होंने अग्निकांड से प्रभावित अग्रवाल परिवार के सदस्यों से मुलाकात कर हादसे की जानकारी ली। उन्होंने दिवंगत सदस्यों के प्रति शोक संवेदना व्यक्त करते हुए परिवार को भरोसा दिलाया कि दुख की इस घड़ी में कांग्रेस उनके साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि अग्निकांड में लापरवाही बरतने वालों को सजा दिलाने के लिए कांग्रेस हर स्तर पर आवाज उठाएगी।
कांग्रेसजनों ने किया आत्मीय स्वागत
बरही से कटनी पहुंचने पर अरुण यादव का कांग्रेसजनों ने आत्मीय स्वागत किया। वे सबसे पहले नई बस्ती स्थित कांग्रेस नेता राकेश जैन के कार्यालय पहुंचे। यहां आदित्य जैन सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका अभिनंदन किया। इसी दौरान उन्होंने पत्रकारों से चर्चा की।
इसके बाद यादव मिशन चौक स्थित स्वर्गीय फिरोज अहमद के निवास पहुंचे, जहां उनके पुत्र दानिश अहमद और परिजनों सहित कांग्रेस नेताओं ने उनकी अगवानी की।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष सौरभ सिंह, शहर अध्यक्ष अमित शुक्ला, वरिष्ठ कांग्रेस नेता मिथलेश जैन, ठाकुर गुमान सिंह, करण सिंह चौहान, विजय पटेल, गुलाम जाफर, लिप्पू भाई, अब्दुल कादिर मुन्ना भाईजान, संदीप पप्पू बाजपेयी, मनु दीक्षित, जालिम यादव, राजा जगवानी, महिला कांग्रेस अध्यक्ष रजनी वर्मा, अदिता वर्मा, शशि यादव, पंकज गौतम, जार्ज डेविड, शाहिद हुसैन, शहजाद हुसैन रिजवी, वेंकटेश गौड़, नीरज अग्रवाल, अजय वर्मा, विजय अग्रवाल, दीपक अग्रवाल, सुरेंद्र दुबे, शक्ति सुधीर तिवारी, गोलू खान, सचिन यादव, विमलेंद्र तिवारी, संतोष यादव, प्रमोद पटेल और श्याम यादव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।
कटनी प्रवास के दौरान विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद अरुण यादव रेवांचल एक्सप्रेस से भोपाल के लिए रवाना हुए।
