4.20 करोड़ के गबन के बाद स्कूलों को फिर मिले 3 करोड़ से ज्यादा

सतना : जिले के शासकीय प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालयों के बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ बनाने तथा विद्यार्थियों को सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राज्य शिक्षा केंद्र मद से बड़ी राशि स्वीकृत की गई है.प्रशासन द्वारा जिले के 26 सरकारी स्कूलों में मेजर रिपेयर और नवीन भवनों के निर्माण के लिए कुल रुपये 3.13 करोड़ से अधिक की प्रशासकीय स्वीकृति जारी की गई है. ये सभी निर्माण कार्य वित्तीय वर्ष 2026-27 में पूरे कराए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है.
हालांकि नई राशि के आवंटन के साथ ही एक बार फिर निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और पारदर्शिता को लेकर गंभीर सवाल खड़े होने लगे हैं.

पिछले वित्तीय वर्ष में उजागर हुआ था बड़ा घोटाला

दरअसल यह आशंका अकारण नहीं है.पिछले वित्तीय वर्ष में भी प्रशासन की ओर से स्कूलों के निर्माण एवं जीर्णोद्धार कार्यों के लिए लगभग 4.20 करोड़ रुपये की भारी-भरकम राशि स्वीकृत की गई थी.उस दौरान निर्माण एजेंसी और संबंधित स्कूल प्राचार्यों की कथित मिलीभगत से बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार और गुणवत्ताविहीन कार्य को अंजाम देने का मामला सामने आया था.

17 प्राचार्यों समेत 21 पर गिरी थी गाज

मामले का खुलासा होने और विभागीय जांच में गंभीर अनियमितताएं प्रमाणित पाए जाने के बाद प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया था.इस पूरे प्रकरण में लापरवाही और भ्रष्टाचार के दोषी पाए गए सभी 17 स्कूलों के प्राचार्यों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया था.इसके साथ ही प्राचार्यों सहित कुल 21 अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कठोर विभागीय कार्रवाई की गई थी.

शाला प्रबंधन समिति को मिली निर्माण की जिम्मेदारी

ग्रामीण यांत्रिकी सेवा संभाग सतना के कार्यपालन यंत्री द्वारा इन कार्यों की तकनीकी स्वीकृति जारी कर दी गई है। प्रशासन ने सभी कार्यों की निर्माण एजेंसी संबंधित स्कूलों की शाला प्रबंधन समिति को बनाया है.

तीन श्रेणियों में खर्च होगी स्वीकृत राशि

9 स्कूलों में मेजर रिपेयर (26.50 लाख रुपये) : मझगवां के शासकीय माध्यमिक विद्यालय सेलौरा व रानीपुर, नागौद के शासकीय प्राथमिक विद्यालय पनगरा, रामपुर बाघेलान के शासकीय माध्यमिक विद्यालय लेदरा और उचेहरा के शासकीय माध्यमिक विद्यालय पथरहटा, मतरी पतौरा, गडौली तथा प्राथमिक विद्यालय इचौल को 3-3 लाख रुपये दिए गए हैं,वहीं रामपुर बाघेलान के माध्यमिक विद्यालय बीरनई को 2.50 लाख रुपये स्वीकृत हुए हैं.

5 जीर्ण-शीर्ण भवनों की जगह नए भवन (91.25 लाख रुपये) : मझगवां विकासखंड के प्राथमिक विद्यालय तालाब तीर, करतहा, माध्यमिक विद्यालय चौरेही, नागौद के प्राथमिक विद्यालय चितौंधा और सोहावल के माध्यमिक विद्यालय दिदौंध में नए भवन बनेंगे.प्रत्येक स्कूल के लिए 18.25 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं.

राज्य मद से 12 स्कूलों में नवीन भवन निर्माण (196.08 लाख रुपये) : मझगवां के प्राथमिक शाला बरहा, मलगउसा, माध्यमिक हरदुआ, बंगीपुरवा, सोहावल के माध्यमिक शाला टीकर, सिंहपुर, नकटी (देवीपुर), बचवई और उचेहरा के माध्यमिक शाला पोडी को 18.25-18.25 लाख रुपये मिलेंगे.इसके अलावा हिरौंदी पंचायत के माफीटोला, नागौद के कचनार टिकुरी और सोहावल के डिलौरा स्कूल के लिए 10.61-10.61 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं.

Next Post

मोदी ने विकसित भारत के लिए उद्यमियों से की आत्मनिर्भरता को बढावा देने की अपील

Thu Nov 19 , 2026
नयी दिल्ली, 19 नवंबर (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को देश के उद्यमियों से एक बार फिर आत्मनिर्भरता के लिए काम करने और उन सेक्टरों में निवेश करने की अपील की जिनमें देश आयात पर निर्भर है। श्री मोदी ने उद्योग मंडल फिक्की के 100 साल के मौके पर […]

You May Like