
प्रदर्शनकारियों के कनेक्शन काटने के विरोध में बिजली कार्यालय में हंगामा
टूटी पड़ी 11 केव्हीलाइन ने ली थी मासूम भाई-बहन की जान
जबलपुर। पाटन थाना अंतर्गत देवी सुरैया मोड़ में 22 मार्च को टूटी पड़ी 11 केव्ही की विद्युत लाइन की चपेट में आने से मासूम सगे भाई-बहन की मौत हो गई थी जबकि बड़ा भाई घायल हो गया था। इस मामले में परिजनों और ग्रामीणों ने शवों को रखकर चक्का जाम कर प्रदर्शन किया था। प्रारंभिक जांच में लापरवाही उजागर होने के बाद पाटन विद्युत विभाग के अधिकारी, कर्मचारी के खिलाफ पुलिस ने एफआईआर दर्ज की थी। इसी मामले में प्रदर्शनकारियों के बिजली कनेक्शन काटने का आरोप लगाते हुए पार्षद ग्रामीणों के साथ बिजली कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया, इस दौरान बिजली अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए उन्होंने आत्मदाह करने के इरादे से पेट्रोल छिड़क लिया, हालांकि वहां मौजूद लोगों ने समय रहते बीच बचाव करते हुए पार्षद को समझाइश दी।
विदित हो कि मूलत: ग्राम बनिया थाना जबेरा जिला दमोह सुखदेव प्रधान पत्नी और तीन बच्चों के साथ पाटन देवी सुरैया मोड़ में राम अग्रवाल के खेत में मकान बनाकर रह रहा था। 22 मार्च की सुबह माता-पिता खेत में काम कर रहे थे तभी जानवर खेत के अंदर घुस गया था, जिसे बच्चे भगा रहे थे, तभी टूटी पड़ी 11 केव्ही की चालू लाइन की चपेट में सुखदेव की बेटी कुमारी पूजा प्रधान 9 वर्ष, बेटा देव प्रधान 5 वर्ष की मौत हो गई थी, जबकि बड़ा बेटा गनेश प्रधान 13 वर्ष का झुलस गया था।
हादसे के बाद गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने दोनों बच्चों के शवों को पाटन-शहपुरा मार्ग पर रखकर चक्काजाम कर दिया था। ग्रामीणों का आरोप है कि दो दिन पहले ही उन्होंने गिरे हुए बिजली के तार की शिकायत की थी, लेकिन विभाग ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। न सप्लाई बंद की और न ही सुधार कार्य कराया गया जिसके चलते हादसा हुआ।
पार्षद समेत ग्रामीणों के काटे कनेक्शन
टीआई नवल सिंह ने बताया कि पार्षद समेत ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया है। उनका आरोप है कि उन्होंने प्रदर्शन किया था बदले की भावना के चलते उनके कनेक्शन काट दिए गए है। बिजली बिल भी काफी ज्यादा आए है। सोमवार को दोनों पक्षों के साथ बैठक करने के बाद मामले का निराकरण कराया जायेगा।
