सर्दियों में चोरी रोकने के लिए रहवासी समितियों को किया सतर्क

इंदौर: सर्दियों में चोरी की वारदातों की आशंका को देखते हुए पुलिस ने कॉलोनियों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की कवायद शुरू की है. इसके तहत विजय नगर और लसूड़िया थाना क्षेत्रों में मोहल्ला समितियों की बैठक लेकर रहवासियों, सुरक्षा गार्डों और चौकीदारों को सतर्क रहने की समझाइश दी गई. साथ ही कॉलोनियों में आने जाने वाले बाहरी व्यक्तियों और किरायेदारों का पुलिस सत्यापन कराने तथा सीसीटीवी कैमरे लगाने पर जोर दिया.

विजय नगर क्षेत्र की स्कीम नंबर 54 स्थित एफएच रहवासी संघ सोसायटी में आयोजित बैठक में 40 से 50 रहवासी, 20 से 25 बच्चे और कॉलोनी के सुरक्षा गार्ड शामिल हुए. पुलिस अधिकारियों ने घरों और वाहनों की सुरक्षा के साथ रात्रिकालीन निगरानी बढ़ाने की बात कही. गार्डों और चौकीदारों को किसी संदिग्ध व्यक्ति से खुद उलझने के बजाय तत्काल पुलिस को सूचना देने की हिदायत दी गई. बच्चों और अभिभावकों से नशे के दुष्परिणामों को लेकर भी चर्चा की गई. वहीं, लसूड़िया क्षेत्र की सिंगापुर टाउनशिप में रहवासी कल्याण समिति के सदस्यों के साथ बैठक हुई.

इसमें बाहरी व्यक्तियों और किरायेदारों का सत्यापन, सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने जैसे मुद्दों पर चर्चा की गई. दोनों बैठकों में साइबर ठगी से बचने के लिए अनजान लिंक नहीं खोलने और ओटीपी, पिन व बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा नहीं करने की समझाइश भी दी गई. एडीसीपी जोन 2 अमरेन्द्र सिंह ने बताया कि मोहल्ला समितियों के माध्यम से पुलिस और नागरिकों के बीच समन्वय बढ़ाया जा रहा है. कॉलोनियों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए रहवासियों को संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस तक पहुंचाने और बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन कराने के लिए जागरूक किया जा रहा है.

Next Post

ग्वालियर में स्थापित हो रहे एशिया के पहले टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग ज़ोन के लिए सीएम से चर्चा की

Thu Nov 19 , 2026
ग्वालियर: केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से ग्वालियर में स्थापित हो रहे एशिया के पहले टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग ज़ोन को नई गति प्रदान करने के उद्देश्य से आयोजित हो रही इन्वेस्टर मीट 2026 के संदर्भ में विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर सार्थक चर्चा की। बैठक […]

You May Like