स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26: राष्ट्रीय पुरस्कार से चूका सीधी, अब बेहतर रेटिंग और स्टेट रैंक की आस

सीधी: स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 में राष्ट्रीय पुरस्कार से सीधी चूक गया है। अब बेहतर रेटिंग और स्टेट रैंक की आस है। पिछले सर्वेक्षण में कचरा मुक्त शहर श्रेणी में पहली बार 3-स्टार रेटिंग व प्रदेश में 25वां राष्ट्रीय स्तर में 27वां स्थान पाकर इतिहास रचा था। अवॉर्ड से वंचित नपा सीधी को अब विस्तृत स्कोर कार्ड का इंतजार है।
केन्द्रीय आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा जारी स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के राष्ट्रीय पुरस्कारों में मध्य प्रदेश ने कुल 9 पुरस्कार जीतकर देश भर में शीर्ष प्रदर्शन किया है लेकिन नगर पालिका परिषद सीधी इस बार किसी भी राष्ट्रीय श्रेणी में उत्कृष्ट स्थान पाने से वंचित रह गई है।

हालांकि राष्ट्रीय अवॉर्ड सूची से बाहर रहने के बावजूद नगर पालिका प्रशासन और शहरवासियों को उम्मीद है कि मंत्रालय द्वारा विस्तृत स्कोर कार्ड और स्टार रेटिंग जारी होने पर सीधी को बेहतर रैंकिंग हासिल होगी।यहां बताते चलें कि स्वच्छ सर्वेक्षण 2024-25 में नगर पालिका परिषद सीधी का प्रदर्शन बेहद सराहनीय रहा था। उस दौरान नपा सीधी को पहली बार कचरा मुक्त शहर श्रेणी में 3-स्टार रेटिंग प्राप्त हुई थी। इसके साथ ही सीधी ने अपनी जनसंख्या श्रेणी में मध्य प्रदेश में 25वां और राष्ट्रीय स्तर पर 27वां स्थान हासिल किया था।

यही नहीं सीधी ने रीवा संभाग की समस्त नगर पालिकाओं में प्रथम स्थान प्राप्त कर गौरव बढ़ाया था। इस बार भी शहरवासियों को उम्मीद थी कि नपा सीधी अपनी इस उपलब्धि को आगे बढ़ाते हुए राष्ट्रीय पुरस्कार की दौड़ में शामिल होगी।इधर यदि हम जानकारों का माने तो इस वर्ष के सर्वेक्षण में देश के 4751 नगरीय निकायों का मूल्यांकन 10 प्रमुख क्षेत्रों और 43 कड़े संकेतकों पर किया गया था। सीधी की जनसंख्या श्रेणी 50000 से 3 लाख में देवास और सागर जैसे शहरों ने बाजी मारी। स्थानीय विशेषज्ञों के अनुसार स्रोत पर ही सूखे और गीले कचरे के पृथक्करण, नागरिक फीडबैक और बाजार क्षेत्रों की नियमित सफाई में अपेक्षित सुधार न हो पाने के कारण सीधी राष्ट्रीय शीर्ष सूची में पिछड़ गया।

बेहतर प्रबंधन और जनभागीदारी से ही संवरेगा सीधी: डॉ.अनूप

सीधी शहर के युवा समाजसेवी डॉ.अनूप मिश्रा का कहना है कि स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के राष्ट्रीय पुरस्कारों से सीधी का बाहर रहना केवल एक रैंकिंग की चूक नहीं बल्कि आत्ममंथन का विषय है। उन्होंने आगे कहा कि बेहतर प्रबंधन और जन-भागीदारी से ही सीधी संवरेगा। पिछले वर्ष पहली बार 3-स्टार रेटिंग और प्रदेश में 25वां स्थान हासिल करने के बाद उम्मीद थी कि नपा प्रशासन इस लय को बरकरार रखते हुए शीर्ष मंच तक पहुंचेगा। पड़ोसी रीवा का देश में अव्वल आना यह साबित करता है कि संसाधनों से अधिक इच्छाशक्ति और जन-भागीदारी मायने रखती है। अब नपा को कमियों की समीक्षा कर कागजी दावों से आगे बढक़र जमीनी सफाई और नागरिक जुड़ाव पर ध्यान देना होगा तभी सीधी अपनी खोई चमक वापस पा सकेगा।

इनका कहना है

पिछले सर्वेक्षण में परिषद, सफाई मित्रों और शहरवासियों के सामूहिक प्रयास से सीधी को पहली बार 3-स्टार रेटिंग व प्रदेश में 25वां स्थान मिला था। इस बार राष्ट्रीय पुरस्कार सूची में स्थान न मिल पाने की हम समीक्षा करेंगे और जहां भी कमियां रही हैं उन्हें दूर किया जाएगा। हमें विश्वास है कि विस्तृत राज्य एवं राष्ट्रीय रैंकिंग और स्टार रेटिंग जारी होने पर सीधी का प्रदर्शन बेहतर रहेगा।
रजनीश श्रीवास्तव
पार्षद एवं सभापति स्वच्छता समिति नपा सीधी

अभी केवल राष्ट्रीय स्तर की शीर्ष पुरस्कार श्रेणियों की घोषणा हुई है। नगर पालिका परिषद सीधी द्वारा स्वच्छता के क्षेत्र में लगातार बेहतर प्रयास किए जा रहे हैं। हमें पूरी उम्मीद है कि मंत्रालय द्वारा विस्तृत राज्य एवं राष्ट्रीय रैंकिंग और कचरा मुक्त शहर स्टार रेटिंग जारी होने पर सीधी को पिछले वर्ष की तुलना में और भी बेहतर परिणाम प्राप्त होंगे।

महमूद हसन, सीएमओ नपा-सीधी

Next Post

मुंबई ने 13 तो CSK ने 11 खिलाड़ियों को किया रिलीज, कई दिग्गजों को लगा बड़ा झटका

Wed Nov 18 , 2026
मुंबई, IPL 2027 मिनी ऑक्शन से पहले मुंबई, चेन्नई, दिल्ली और हैदराबाद समेत कई टीमों ने बड़े खिलाड़ियों को रिलीज किया। जानिए किस फ्रेंचाइजी ने किसे बाहर किया। आईपीएल 2027 के मिनी ऑक्शन से पहले सभी फ्रेंचाइजियों ने अपने रिटेन और रिलीज किए गए खिलाड़ियों की सूची जारी कर दी है। […]

You May Like