इंदौर:विश्वविद्यालय में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में करीब 30 आवेदन पहुंचे. इनमें सबसे ज्यादा मामले परीक्षा और विद्यार्थियों के शैक्षणिक रिकॉर्ड से संबंधित रहे. प्रमुख रूप से परीक्षा फॉर्म भरने से चूक गए विद्यार्थियों, मार्कशीट में नाम और सरनेम की गलती, रिव्यू रिजल्ट से असंतुष्ट विद्यार्थियों और परीक्षा केंद्र बदलने की मांग से जुड़े आवेदन शामिल थे.जनसुनवाई में कुछ विद्यार्थियों ने बताया कि वे निर्धारित समय में ऑनलाइन परीक्षा फॉर्म नहीं भर पाए. उन्होंने परीक्षा में शामिल होने के लिए अवसर देने की मांग की. इन आवेदनों पर विश्वविद्यालय की ओर से नियमानुसार विचार किया जाएगा.
वहीं, मार्कशीट में नाम और सरनेम की त्रुटि सुधारने के करीब 7 से 8 मामले सामने आए. परीक्षा नियंत्रक आशीष खरे ने बताया कि नाम में गलती होने के मुख्य रूप से दो कारण हैं. पहला, विद्यार्थी स्वयं ऑनलाइन फॉर्म भरते समय नाम की स्पेलिंग या सरनेम गलत दर्ज कर देते हैं. दूसरा, कुछ मामलों में सॉफ्टवेयर की तकनीकी समस्या के कारण भी नाम में त्रुटि हो जाती है. उन्होंने बताया कि इस समस्या को दूर करने के लिए सॉफ्टवेयर में बदलाव किया गया है.
अब नाम और सरनेम दोनों में सुधार की सुविधा उपलब्ध कराई गई है. इसके अलावा एलएलबी सेकंड सेमेस्टर, बीए एलएलबी, बीकॉम एलएलबी और बीबीए एलएलबी के रिव्यू रिजल्ट को लेकर भी विद्यार्थी असंतुष्ट नजर आए. विद्यार्थियों का कहना था कि रिव्यू के बाद भी उनके नंबरों में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई. इस पर परीक्षा नियंत्रक ने स्पष्ट किया कि रिव्यू के लिए विशेषज्ञ परीक्षकों का पैनल बनाया जाता है और बोर्ड ऑफ स्टडीज की सहमति से उत्तरपुस्तिकाओं का पुनर्मूल्यांकन कराया जाता है.
परीक्षक अपनी जांच के बाद टिप्पणी भी दर्ज करते हैं. यदि रिव्यू में कोई त्रुटि नहीं मिलती है, तो अंकों में बदलाव की संभावना नहीं रहती. ऐसे विद्यार्थियों को अगली परीक्षा में शामिल होना पड़ेगा. कुछ विद्यार्थियों ने परीक्षा केंद्र बदलने के लिए भी आवेदन दिए, जो फिलहाल लंबित हैं. वहीं, डिग्री से संबंधित अन्य आवेदनों का निराकरण कर दिया गया. परीक्षा नियंत्रक आशीष खरे ने बताया कि जनसुनवाई में आए मामलों को उनकी प्रकृति के अनुसार देखा जा रहा है और नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है
