नंदीग्राम, (वार्ता) पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने छह अक्टूबर को होने वाले उपचुनाव के लिए नंदीग्राम चुनाव प्रचार के अंतिम दिन कड़ा रुख अपनाते हुए मतदाताओं से भाजपा उम्मीदवार हसीरानी रथ को रिकॉर्ड मतों से जिताने की अपील की।
जनसभा को संबोधित करते हुए अधिकारी ने कहा, “छह तारीख को ईवीएम के जरिये बदला लो।”
भाजपा ने नंदीग्राम से श्रीमती हसीरानी रथ को मैदान में उतारा है, जो श्री अधिकारी के पूर्व सहयोगी चंद्रनाथ रथ की मां हैं। श्री चंद्रनाथ की मई में गोली मारकर हत्या कर दी गयी थी।
अपने भाषण में श्री अधिकारी ने चंद्रनाथ की हत्या का मुद्दा प्रमुखता से उठाया और आरोप लगाया कि इसके लिए उत्तर प्रदेश से शूटर बुलाये गये थे।
उन्होंने तृणमूल कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए दावा किया कि पार्टी तीन धड़ों में बंट चुकी है। इसके अलावा, उन्होंने नंदीग्राम में अगले छह महीनों में कच्चे मकानों को पक्का बनाने, जल जीवन मिशन के तहत पानी के कनेक्शन, उद्योग-रोजगार और हल्दिया-नंदीग्राम पुल व रेलवे कनेक्टिविटी जैसे विकास कार्यों के वादे किये।
अल्पसंख्यक मतदाताओं से एकजुट होने की अपील करते हुए उन्होंने भ्रष्टाचार और गुंडागर्दी मुक्त नंदीग्राम का भरोसा दिया। श्री अधिकारी ने अपनी पिछली जीत के रिकॉर्ड तोड़ने का आह्वान करते हुए श्रीमती हसीरानी रथ के लिए भारी जनादेश मांगा।
